मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेश के निकाय प्रमुखों से कहा- सभी 100 दिन में शहरों की सूरत बदलें। मुख्यमंत्री ने सोमवार को सीएमआर में नगरीय निकायों के नवनिर्वाचित महापौर, सभापति और अध्यक्षों के साथ शहरों के विकास और व्यवस्थाओं को लेकर 100 दिन के रोडमैप पर संवाद किया। उन्होंने कहा- जनता ने विकास के लिए शहरी सरकारें बनाई हैं, इसलिए जनता को परिवर्तन का अहसास होना ही चाहिए। इस दौरान उन्होंने दीपावली से पहले शहरों की सफाई, सड़क, बिजली, स्ट्रीट लाइट, सीवरेज, नालियों, रंग-रोगन और सौंदर्यीकरण से जुड़े सभी कार्य एक महीने में पूरा करने के निर्देश दिए। संवाद कार्यक्रम में प्रदेश के 10 नगर निगम के मेयर जयपुर में सीएमआर में मौजूद रहे। वहीं उप महापौर, सभापति, उप सभापति, अध्यक्ष और उपाध्यक्ष वीसी से जुड़े। निकाय अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत करें सीएम भजनलाल शर्मा ने सभी निकाय प्रमुखों को निर्देश दिए कि वे कुशल वित्त प्रबंधन पर विशेष जोर देकर अपनी नगरीय निकाय की आर्थिक स्थिति मजबूत करें और आय बढ़ाएं। साथ ही निकाय प्रमुख पारदर्शिता, जवाबदेही और ईमानदारी के साथ कार्य करते हुए भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाएं। मुख्यमंत्री ने पार्षदों से वार्ड की सीमाओं से ऊपर उठकर शहर के विकास की सामूहिक सोच के साथ काम करने का आह्वान किया। प्लानिंग वार्डवार नहीं, शहर को ध्यान रखकर हो सीएम ने कहा- सड़क, सीवरेज और अन्य सुविधाओं की प्लानिंग वार्डवार नहीं, बल्कि शहर की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर होनी चाहिए। उन्होंने निकायों के लिए चरणबद्ध विकास योजना की आवश्यकता पर भी जोर दिया।