डीडवाना के बेमोट गांव निवासी जस्साराम चौधरी को राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने नवगठित ‘आरक्षण बचाओ प्रकोष्ठ’ का प्रदेशाध्यक्ष बनाया है। उन्होंने जयपुर में प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय के इंदिरा गांधी भवन में पदभार संभाला। इस मौके पर एक समारोह आयोजित किया गया। समारोह में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा मुख्य अतिथि थे। डोटासरा ने जस्साराम चौधरी को पदभार संभालने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि आरक्षण सामाजिक न्याय का जरूरी आधार है और कांग्रेस पार्टी सभी वर्गों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए संकल्पित है। 'सामाजिक न्याय की लड़ाई को आगे बढ़ाएंगे' डोटासरा ने कहा कि यह नया प्रकोष्ठ सभी वर्गों के आरक्षण की रक्षा के लिए मजबूती से काम करेगा। आरक्षण पर किसी भी तरह का हमला बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कांग्रेस हर वर्ग के अधिकारों की रक्षा के लिए जोरदार आवाज उठाएगी। डोटासरा ने यह भी कहा कि आरक्षण बचाओ प्रकोष्ठ पूरे प्रदेश में सभी वर्गों के बीच जाकर आरक्षण से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाएगा। यह सामाजिक न्याय की लड़ाई को आगे बढ़ाएगा। इस समारोह में प्रो. घासीराम चौधरी, असपाक हुसैन, झूमरमल, नत्थू राम वर्मा, फतेह मोहम्मद खान, डॉ. चंद्रभान, डॉ. होशियार सिंह, हरिराम किवाड़ा, डॉ. रामसिंह समोता, प्यारे लाल रशिदपुरा, सुनील चौधरी, राहुल यादव, केवल चंद नैन, विकास भटेश्वर, अरविंद जांगिड़ और हिंगलाज चारण सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।