राजस्थान के पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा 16 और 17 सितंबर को प्रदेश के सीमावर्ती जिलों के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान DGP सीमावर्ती थानों और बॉर्डर आउट पोस्ट का निरीक्षण करेंगे। पुलिसकर्मियों और सीमा प्रहरियों से सीधे संवाद कर जमीनी स्थिति की जानकारी लेंगे। साथ ही ग्रामीणों के बीच पहुंचकर ‘सीमा संवाद एवं जनसुनवाई’ में उनकी परिवेदनाएं भी सुनेंगे। DGP राजीव कुमार शर्मा 16 सितंबर को सुबह 10:30 बजे फलौदी के नोख थाने पहुंचेंगे। यहां पुलिसकर्मियों से संवाद करने के बाद ग्राम जालुवाला में ‘सीमा संवाद एवं जनसुनवाई’ कार्यक्रम में स्थानीय ग्रामीणों से रूबरू होंगे। इसके बाद दोपहर करीब 2 बजे बॉर्डर आउट पोस्ट का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान सीमा प्रहरियों से संवाद करने के साथ सीमा क्षेत्र का दौरा भी करेंगे। जैसलमेर के सीमावर्ती गांवों में जनसुनवाई इसके बाद DGP जैसलमेर जिले के सीमावर्ती भारेवाला और रणाऊ गांव पहुंचेंगे। यहां ‘सीमा संवाद एवं जनसुनवाई’ के दौरान ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं और परिवेदनाएं सुनेंगे। DGP का बॉर्डर आउट पोस्ट का निरीक्षण करने और सीमा प्रहरियों के साथ संवाद का भी कार्यक्रम है। रात्रि विश्राम तनोट में करेंगे। तनोटराय माता के दर्शन के बाद सांगड़ थाने का निरीक्षण DGP 17 सितंबर को सुबह तनोटराय माता मंदिर में दर्शन करेंगे। इसके बाद सांगड़ थाने का निरीक्षण कर पुलिसकर्मियों से संवाद करेंगे। इसके बाद वे बालोतरा के सिणधरी थाने पहुंचेंगे। यहां बालोतरा और बाड़मेर के पुलिस अधीक्षकों के साथ जिले की कानून व्यवस्था और अपराध की स्थिति को लेकर चर्चा की जाएगी। जालोर में तीन जिलों की कानून व्यवस्था की समीक्षा DGP राजीव कुमार शर्मा करीब 3 बजे जालोर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचेंगे। यहां जालोर, पाली और सिरोही के पुलिस अधीक्षक अपने-अपने जिलों की कानून व्यवस्था और अपराध की स्थिति पर प्रस्तुतीकरण देंगे। DGP इन जिलों में अपराध की स्थिति, कानून व्यवस्था और पुलिसिंग से जुड़े विभिन्न विषयों की समीक्षा करेंगे। सीमावर्ती क्षेत्रों के इस दौरे के दौरान पुलिस महानिदेशक का फोकस सीमा सुरक्षा, पुलिसिंग को मजबूत करने और ग्रामीणों से सीधा संवाद कायम करने पर रहेगा।