जोधपुर जिले में होने वाले पंचायत चुनाव को लेकर शेड्यूल जारी हो चुका है। जिले में दो चरणों में पंचायत चुनाव होंगे। इधर, इन पंचायत चुनाव को देखते हुए चुनाव प्रभारियों की नियुक्ति भी शुरू कर दी है। जालोर के पूर्व जिलाध्यक्ष रविंद्र सिंह बालावत जोधपुर जिले के चुनाव प्रभारी होंगे। इसके अलावा शहर विधायक अतुल भंसाली, सूरसागर विधायक देवेंद्र जोशी, डिप्टी मेयर विजय सिंह पंवार और सरदारपुरा विधानसभा प्रत्याशी डॉ. महेंद्र सिंह राठौड़ को भी प्रदेश के अलग-अलग जिलों की जिम्मेदारी सौंपी गई हैं। भंसाली को भरतपुर और जोशी को बाड़मेर की जिम्मेदारी भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के निर्देशानुसार 42 जिलों के पंचायत चुनाव प्रभारियों की लिस्ट जारी की है। इसके तहत जोधपुर शहर विधायक अतुल भंसाली को भरतपुर ​जिले के 39 वार्ड की जिम्मेदारी सौंपी है। उनके साथ भीलवाड़ा पूर्व महापौर राकेश पाठक भी होंगे। वहीं सूरसागर विधायक देवेंद्र जोशी को बाड़मेर जिले 37 वार्ड की जिम्मेदारी सौंपी है। उनके साथ पाली के भाजपा पूर्व जिलाध्यक्ष मंछाराम परमार को भी प्रभारी बनाया गया है। डिप्टी मेयर पंवार भी संभालेंगे पंचायत चुनाव की कमान जोधपुर नगर निगम के डिप्टी मेयर विजय सिंह पंवार को भी संगठन ने पंचायत चुनाव के मैदान में उतारा है। उन्हें ब्यावर की जिम्मेदारी सौंपी हैं। उनके साथ भाजपा के सीनियर नेता और पाली के पूर्व सांसद पुष्प जैन भी रहेंगे। साथ ही बालोतरा जिले की जिम्मेदारी सरदारपुरा विधानसभा प्रत्याशी डॉ. महेंद्र सिंह राठौड़ और जोधपुर भाजपा पूर्व जिलाध्यक्ष नरेंद्र सिंह कच्छावा को सौंपी गई हैं। भारतीय जनता पार्टी राजस्थान के माननीय प्रदेश अध्यक्ष श्री @madanrrathore जी के निर्देशानुसार पंचायत चुनाव 2026 हेतु जिला चुनाव प्रभारियों की निम्नवत घोषणा की जाती है। pic.twitter.com/48AP2V7Ltf— BJP Rajasthan (@BJP4Rajasthan) October 5, 2026 जोधपुर में दो चरणों में होंगे चुनाव जिला परिषद और पंचायत समिति के सदस्यों के पहले चरण की वोटिंग 23 अक्टूबर और दूसरे चरण की वोटिंग 29 अक्टूबर को होगी। वहीं पंच और सरपंच चुनाव के पहले चरण की वोटिंग 25 अक्टूबर और दूसरे चरण की 31 अक्टूबर को होगी। पंचायत चुनाव में मतदाताओं को दो दिन वोट डालने होंगे। पहले वे जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए वोटिंग करेंगे। दूसरी बार में पंच, सरपंच के लिए वोट डालने होंगे। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के रिजल्ट देवउठनी एकादशी के दिन 20 नवंबर को आएंगे। वहीं जिला प्रमुख का चुनाव 25 नवंबर और प्रधान का चुनाव 27 नवंबर को होगा।