पंचायती राज चुनाव की घोषणा के साथ ही कांग्रेस के सीनियर नेता और पूर्व मंत्री शांति धारीवाल ने बीजेपी सरकार पर हमला बोला है। धारीवाल ने आरोप लगाया कि सरकार पंचायत चुनाव कराने से बच रही थी लेकिन कोर्ट के आदेश के बाद चुनाव कराने पड़े। उन्होंने दावा किया कि हाल में हुए निकाय चुनाव में बीजेपी और कांग्रेस के वोट शेयर में करीब एक प्रतिशत का ही अंतर रहा। ऐसे में पंचायत चुनाव में कांग्रेस का प्रदर्शन बेहतर रहेगा और पार्टी बड़ी जीत हासिल करेगी। निकाय चुनाव के नतीजों से बीजेपी घबराई धारीवाल ने कहा कि पिछले पंचायत चुनावों के नतीजों को लेकर बीजेपी घबराई हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि निकाय चुनाव में सरकारी मशीनरी के गलत इस्तेमाल के बावजूद बीजेपी बड़ी जीत हासिल नहीं कर सकी। अब पंचायत चुनाव में ग्रामीण जनता बीजेपी सरकार को जवाब देगी और उसे आईना दिखाएगी। खाद की कालाबाजारी को सरकार बढ़ावा दे रही पूर्व मंत्री ने किसानों से जुड़े खाद संकट को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को पर्याप्त खाद उपलब्ध नहीं हो रहा है और खाद की कालाबाजारी को सरकार बढ़ावा दे रही है। धारीवाल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में किसान और आम जनता इन मुद्दों से परेशान हैं और पंचायत चुनाव में इसका जवाब बीजेपी को देंगे। उन्होंने दावा किया कि पंचायत चुनाव में कांग्रेस को ग्रामीण क्षेत्रों में समर्थन मिलेगा और पार्टी का प्रदर्शन निकाय चुनाव की तुलना में बेहतर रहेगा।