राज्य के सरकारी स्कूलों का 1 अक्टूबर से प्रस्तावित समय परिवर्तन 16 अक्टूबर तक टाल दिया गया है। माध्यमिक शिक्षा निदेशक, बीकानेर ने आदेश जारी किया। 15 अक्टूबर तक स्कूल सुबह 7:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक चलेंगे। 16 अक्टूबर से शीतकालीन समय-सारिणी लागू होगी। राजस्थान पंचायती राज एवं माध्यमिक शिक्षक संघ के पूर्व प्रदेश महामंत्री राजेश शर्मा ने बताया कि शिविरा पंचांग के अनुसार 1 अक्टूबर से स्कूलों का समय सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक तय था। शिक्षक संगठनों ने गर्मी और उमस के कारण समय बदलने की मांग की थी। संघ के जिलाध्यक्ष हरी सिंह गुर्जर और जिला मंत्री चंद्रशेखर शर्मा ने मुख्यमंत्री व शिक्षा मंत्री को ज्ञापन भेजा था। उन्होंने कहा, अक्टूबर के पहले पखवाड़े में गर्मी से छोटे बच्चों को स्कूल आने-जाने में परेशानी हो सकती है। राजेश शर्मा और हरी सिंह गुर्जर ने इस फैसले का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा व शिक्षा मंत्री मदन दिलावर का धन्यवाद दिया।