वेटरनरी कॉलेज-यूनिवर्सिटी में एडमिशन लेने के इच्छुक छात्रों के लिए अच्छी खबर है। बीकानेर के वेटरनरी विश्वविद्यालय और रूवास (जोबनेर) जयपुर के साथ-साथ सक्षम अनुमति प्राप्त संघटक और संबद्ध निजी वेटरनरी कॉलेजों में BVSC एंड AH डिग्री पाठ्यक्रम सत्र 2026-27 में प्रवेश के लिए ऑनलाइन काउंसलिंग रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया 13 सितंबर से शुरू होगी। अभ्यर्थी 22 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। स्टेट, मैनेजमेंट और एनआरआई सीटों पर प्रवेश साढ़े पांच वर्षीय बीवीएससी एंड एएच डिग्री पाठ्यक्रम में स्टेट कोटा, मैनेजमेंट कोटा और एनआरआई सीटों के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन किया जाएगा। इसमें राजुवास, बीकानेर और रूवास, जोबनेर के अलावा इनके संघटक एवं संबद्ध निजी वेटरनरी कॉलेज तथा टांटिया विश्वविद्यालय, श्रीगंगानगर स्थित वेटरनरी कॉलेज शामिल हैं। स्नातक प्रवेश मंडल के सदस्य सचिव प्रो. प्रवीण बिश्नोई ने बताया- ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के बाद नीट-यूजी 2026 की मेरिट तैयार की जाएगी। इसी मेरिट और प्रवेश पर लागू राज्य सरकार की आरक्षण नीति के अनुसार उपलब्ध सीटों के आधार पर प्रवेश आवंटित किए जाएंगे। रजिस्ट्रेशन नहीं किया तो प्रवेश प्रक्रिया से बाहर प्रवेश आवंटन प्रक्रिया में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को निर्धारित अवधि में ऑनलाइन काउंसलिंग रजिस्ट्रेशन करवाना अनिवार्य होगा। रजिस्ट्रेशन नहीं करवाने वाले अभ्यर्थियों को सत्र 2026-27 में विश्वविद्यालय के किसी भी संघटक या संबद्ध निजी वेटरनरी कॉलेज में प्रवेश आवंटन प्रक्रिया में शामिल नहीं किया जाएगा। वेबसाइट पर मिलेगी पूरी जानकारी ऑनलाइन काउंसलिंग रजिस्ट्रेशन शुल्क, विभिन्न कॉलेजों में उपलब्ध सीटों का विवरण, संबद्ध निजी कॉलेजों की फीस और प्रवेश से संबंधित अन्य विस्तृत जानकारी वेटरनरी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है।