राजसमंद के राजनगर स्थित बड़ा चारभुजा मंदिर में नंदोत्सव के अवसर पर श्री चारभुजा मित्र मंडल राजनगर के संयुक्त तत्वावधान में परंपरानुसार दही-हांडी प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता रात 8 बजे शुरू हुई, जो करीब 11.30 बजे तक चली। मंदिर को रंग-बिरंगी फरियों और आकर्षक विद्युत रोशनी से सजाया गया था। प्रतियोगिता में श्री कृष्ण नवयुवक मंडल राजनगर, मां चामुंडा मित्र मंडल गुड़ा, शिव गणेश ग्रुप और मेवाड़ मंच के चार गोविंदा ग्रुप ने हिस्सा लिया। कई बार नीचे गिरे गोविंदा, फिर भी नहीं टूटा हौसला दही-हांडी फोड़ने के दौरान गोविंदाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। पिरामिड बनाने के दौरान कई बार नीचे गिरने के बावजूद उनका हौसला कम नहीं हुआ। दूसरी पारी में चारों ग्रुप ने हांडी फोड़ने के प्रयास किए, लेकिन किसी को सफलता नहीं मिली। ऊंचाई कम करने के बाद अंतिम राउंड में मिली सफलता तीसरी पारी शुरू होने से पहले हांडी की ऊंचाई कुछ कम करने के लिए रस्सियों में ढील दी गई। इसके बाद कई प्रयासों के बाद अंतिम राउंड में श्री कृष्ण नवयुवक मंडल राजनगर के गोविंदाओं ने पिरामिड बनाकर हांडी की रस्सी पकड़ ली और दही-हांडी फोड़ दी। यह घटना रात करीब 11.15 बजे हुई। इसके साथ ही श्री कृष्ण नवयुवक मंडल राजनगर प्रतियोगिता का विजेता बन गया। डीजे की धुन पर नाचे श्रद्धालु, डांस रहा आकर्षण डीजे साउंड पर भजन-कीर्तन और लाइट इफेक्ट्स से आयोजन का माहौल और उत्साहपूर्ण हो गया। गोविंदाओं के नीचे गिरने के बाद उनका डांस करना भी आकर्षण का केंद्र रहा। श्रद्धालु जयघोष करते हुए डीजे की धुन पर नाचते-झूमते नजर आए। विजेता टीम को 12,100 रुपए का नकद पुरस्कार आयोजक मंडल के मीडिया प्रभारी कार्तिक बापडोत ने बताया कि विजेता श्री कृष्ण नवयुवक मंडल राजनगर को आयोजक मंडल की ओर से 12,100 रुपए का नकद पुरस्कार दिया गया। आयोजन का समापन ठाकुरजी की महाआरती के साथ हुआ। 121 लीटर खीर का महाभोग लगाया श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर यादव युवा संगठन की ओर से 121 लीटर खीर का महाभोग लगाया गया। इस दौरान चारभुजा मित्र मंडल के मोहित यादव, संतोष वैष्णव, यादव युवा संगठन के सदस्य और स्थानीय श्रद्धालु मौजूद रहे। मंच संचालन कैलाश पुरोहित और जिगर सेन ने किया।