राजसमंद पुलिस लाइन में पुलिसकर्मियों के लिए बेसिक लाइफ सपोर्ट (बीएलएस) ट्रेनिंग प्रोग्राम ​आयोजित किया गया। SP हेमंत कलाल के निर्देशन और ASP महेंद्र पारीक और DSP मुकेश कुमार के मार्गदर्शन में हुए ट्रेनिंग में उदयपुर की मेडिकल टीम ने पुलिसकर्मियों को आपातकालीन परिस्थितियों में जीवन बचाने की तकनीकें सिखाईं। प्रशिक्षण का नेतृत्व डॉ. चेतन चौधरी और डॉ. रमीत पाटिल ने किया। मेडिकल टीम ने कार्डियक अरेस्ट की स्थिति में तत्काल प्रतिक्रिया, सीपीआर की सही तकनीक, एईडी के उपयोग और मरीज को अस्पताल पहुंचाने तक किए जाने वाले प्राथमिक उपचार की जानकारी दी। CPR और BLS देने बच सकती है व्यक्ति की जान ट्रेनिंग के दौरान पुलिसकर्मियों से डेमोंस्ट्रेशन और प्रैक्टिकल अभ्यास भी करवाया गया। चिकित्सा टीम ने बताया- आपातकालीन स्थिति के शुरुआती कुछ मिनट बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। सही समय पर सीपीआर और बीएलएस देने से व्यक्ति के बचने की संभावना बढ़ सकती है। पुलिसकर्मी सड़क दुर्घटनाओं और अन्य आपातकालीन घटनाओं में अक्सर सबसे पहले मौके पर पहुंचते हैं। ऐसे में उन्हें जीवनरक्षक तकनीकों का प्रशिक्षण मिलने से अस्पताल पहुंचने से पहले जरूरतमंद व्यक्ति को प्राथमिक सहायता देने में मदद मिलेगी।