राजसमंद के उनवास गांव में चार फीट लंबे रसल वाइपर दिखने से हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने सांप मिलने की सूचना स्नेक केचर को दी। जिसके बाद आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सांप को सुरक्षित रूप से रेस्क्यू कर लिया गया। घर में घुसकर बैठा सांप उनवास गांव में भवानी सेन के घर में अचानक सांप के दिखाई देने से हड़कंप मच गया। जिसपर ग्रामीणों ने सांप की सूचना स्नेक केचर नवीन गहलोत को दी। इस दौरान सांप लकड़ियों के नीचे छिप गया। बाद मे स्नेक केचर टीम के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों के बताए स्थान पर सांप की तलाश की और आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सांप को सुरक्षित रूप से रेस्क्यू कर लिया गया। उसे डिब्बे मे बंद कर जंगल में छोड़ दिया गया। गहलोत ने बताया- पकड़ा गया करीब साढे चार फीट लम्बा और रसल वाइपर प्रजाति का था जो कि जहरीला होता है। ये देखने मे अजगर जैसा होता है लेकिन इसमें हीमोटॉक्सिक जहर पाया जाता है। जिसके काटने पर इंसान की जान भी जा सकती है। रेस्क्यू के दौरान नवीन गहलोत ने मौके पर मौजूद लोगों को रसल वाइपर से सावधान रहने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि कई बार लोग इसके शरीर और आकार को देखकर इसे अजगर समझने की भूल कर बैठते हैं, जिससे हादसे की आशंका रहती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि घर या आबादी क्षेत्र में कोई भी वन्यजीव दिखाई दे तो उसके साथ छेड़छाड़ न करें और तुरंत वन विभाग या प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को सूचना दें।