राजसमंद नगर परिषद के वार्ड 9 में चुनावी मुकाबला अब त्रिकोणीय से सीधा हो गया है। निर्दलीय प्रत्याशी भरत कुमार ने भाजपा प्रत्याशी चम्पालाल कुमावत के समर्थन में चुनाव मैदान से अपना रुख बदलते हुए भाजपा के पक्ष में प्रचार करने का ऐलान किया है। भरत कुमार ने कहा कि उन्होंने यह निर्णय अपने स्वविवेक से लिया है। उन पर किसी प्रकार का दबाव नहीं है। उन्होंने भाजपा के साथ रहने और चम्पालाल कुमावत के समर्थन में चुनाव प्रचार करने की बात कही। साथ ही अपने समर्थकों से भी चम्पालाल को वोट देने की अपील की। विकास कार्यों को गिनाया भाजपा प्रत्याशी चम्पालाल कुमावत ने निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थन का स्वागत करते हुए कहा कि जनता का आशीर्वाद उनके साथ है और वार्ड में भाजपा की जीत तय है। उन्होंने अपने कार्यकाल में कराए गए विकास कार्यों को भी गिनाया। उन्होंने बताया कि वार्ड में महिला स्नानघर और सालवी समाज के सामुदायिक भवन का निर्माण चल रहा है। धोइंदा बस स्टैंड पर भी महिला स्नानघर का निर्माण कराया जा रहा है। जिसका लाभ वार्डवासियों को मिलेगा। इसके अलावा जनसहयोग से बालाजी मंदिर की बाउंड्रीवाल का निर्माण कराया गया। वार्ड 9 में भाजपा प्रत्याशी चम्पालाल कुमावत के सामने कांग्रेस के मांगीलाल चुनाव मैदान में हैं। निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थन के बाद अब मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा माना जा रहा है। हालांकि निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थन का वोटों पर कितना असर पड़ेगा, यह चुनाव परिणाम आने पर ही साफ होगा। 831 मतदाता तय करेंगे परिणाम वार्ड 9 में कुल 831 मतदाता हैं। इनमें 406 पुरुष और 425 महिला मतदाता शामिल हैं। अब दोनों प्रमुख दलों के प्रत्याशियों की नजर इन मतदाताओं के समर्थन पर है।