कासं | सवाई माधोपुर रणथम्भौर दुर्ग स्थित भगवान श्री त्रिनेत्र गणेश के तीन दिवसीय वार्षिक मेले को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। मेले के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला मजिस्ट्रेट काना राम ने मेला मजिस्ट्रेट, सहायक मेला मजिस्ट्रेट और कई कार्यपालक मजिस्ट्रेटों की नियुक्ति के आदेश जारी कर दिए हैं। यह ऐतिहासिक मेला आगामी 13 से 15 सितंबर 2026 तक आयोजित होगा। प्रमुख प्रशासनिक नियुक्तियां और जिम्मेदारियां मेला मजिस्ट्रेट: उपखंड मजिस्ट्रेट मलारना डूंगर, गौरव कुमार मित्तल को संपूर्ण मेले का मेला मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। वे मेला अवधि के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था की सभी व्यवस्थाओं के प्रभारी रहेंगे। उनका मुख्य कार्यालय त्रिनेत्र गणेश मंदिर के सामने रहेगा। सहायक मेला मजिस्ट्रेट: सहायक कलेक्टर मुख्यालय, नीतू करोल को सहायक मेला मजिस्ट्रेट बनाया गया है, जिनका कार्यालय गणेश धाम तिराहे पर रहेगा। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और सुरक्षा प्रबंधों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर कार्यपालक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं- नीरज सिंह (तहसीलदार, चौथ का बरवाड़ा): गणेश धाम तिराहा। मदन लाल मीणा (तहसीलदार, सवाई माधोपुर) गणेश मंदिर परिसर नियंत्रण कक्ष। चन्द्र प्रकाश वर्मा (उपखंड मजिस्ट्रेट, चौथ का बरवाड़ा) और इन्द्रराज मीणा (विकास अधिकारी, चौथ का बरवाड़ा) जोगी महल से हम्मीर महल क्षेत्र (12-12 घंटे की पारियों में)। सियाराम शर्मा (संस्थापन अधिकारी, कलेक्ट्रेट) और विष्णु माथुर (तहसीलदार, यूआईटी): बजरिया रेलवे स्टेशन से गणेश धाम तक (12-12 घंटे की पारियों में)।