रेलमगरा | मिशन हरियालो राजस्थान अभियान के तहत ब्लॉक पशु चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर में सामूहिक वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया। पशुपालन विभाग की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम का नेतृत्व डिप्टी डायरेक्टर डॉ. कुलदीप कौशिक ने किया। कार्यक्रम के दौरान कार्यालय परिसर में अमरूद, आशापाल, जामुन और नीम सहित विभिन्न फलदार एवं औषधीय पौधे लगाए गए। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पौधों की नियमित देखभाल और उनके संरक्षण का संकल्प लिया। डॉ. कुलदीप कौशिक ने बताया कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए रेलमगरा ब्लॉक के विभिन्न पशु चिकित्सा केंद्रों में अब तक कुल 250 पौधे लगाए जा चुके हैं और आगामी दिनों में इस अभियान को और गति दी जाएगी। उन्होंने आमजन, पशुपालकों, किसानों, गौसेवकों एवं गौशाला प्रबंधकों से खाली भूमि पर पौधे लगाने की अपील की। कार्यक्रम में विभागीय कर्मचारी, स्थानीय गौसेवक एवं ग्रामीण मौजूद रहे।