निगम चुनाव प्रचार के अंतिम दिन बुधवार को परकोटे में मुख्यमंत्री रोड शो करेंगे। यह रोड शो भाजपा के लिए बड़ा शक्ति प्रदर्शन माना जा रहा है। रोड शो से सीएम हवामहल, किशनपोल, आदर्श नगर और आमेर विधानसभा क्षेत्रों के 47 वार्डों के वोटरों को साधेंगे। साथ ही अन्य वार्डों के मतदाताओं के बीच भी माहौल बनाने की कोशिश है। यह रोड शो सुबह 11:15 बजे से सांगानेरी गेट स्थित हनुमानजी मंदिर से जौहरी बाजार, बड़ी चौपड़ होते हुए त्रिपोलिया टी-पॉइंट तक रोड शो प्रस्तावित है। इसके लिए यातायात पुलिस ने रूट डायवर्जन और पार्किंग व्यवस्था जारी की है। सांगानेरी गेट से बड़ी चौपड़ जाने वाला ट्रैफिक बदलेगा सांगानेरी गेट से बड़ी चौपड़ की ओर जाने वाले सामान्य यातायात को सांगानेरी गेट से डायवर्ट कर मिनर्वा चौराहा और रामनिवास बाग की ओर भेजा जाएगा। न्यू गेट चौराहा से बापू बाजार जाने वाले यातायात का संचालन प्रतिबंधित रहेगा। इसी तरह संजय बाजार से सांगानेरी गेट की ओर आने वाले यातायात का संचालन भी प्रतिबंधित रहेगा। बड़ी चौपड़ की ओर आने वाले यातायात को जरूरत के अनुसार सुभाष चौक से चार दरवाजा, घोड़ा निकास रोड और रामगंज चौपड़, रामगंज चौपड़ से घाटगेट, गलता गेट और चार दरवाजा तथा त्रिपोलिया टी-पॉइंट से चौड़ा रास्ता और छोटी चौपड़ की ओर डायवर्ट किया जाएगा। त्रिपोलिया टी-पॉइंट के आसपास भी डायवर्जन त्रिपोलिया टी-पॉइंट की ओर आने वाले यातायात को रामनिवास बाग चौराहा से यादगार, सांगानेरी गेट और रामनिवास बाग भेजा जाएगा। छोटी चौपड़ से चौगान चौराहा, संजय सर्किल और अजमेरी गेट की ओर संचालित होगा। टोंक रोड से आने वाले वाहनों को पृथ्वीराज टी-पॉइंट से पृथ्वीराज रोड और अशोका टी-पॉइंट से अशोका मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा। गांधीनगर हॉस्टल से अजमेरी गेट की ओर आने वाले यातायात को पांच बत्ती से सेंट जेवियर चौराहा की ओर भेजा जाएगा। गांधीनगर हॉस्टल चौराहा से गांधीनगर प्रेस चौराहा की ओर भी यातायात डायवर्ट किया जाएगा। गलता गेट चौराहा से रामगंज चौपड़ की ओर आने वाला यातायात गलता गेट चौराहा से डायवर्ट कर दिल्ली रोड, रामगढ़ मोड़ से धौलीघाट, अजमेरी गेट से यादगार, संजय सर्किल से संसार चंद्र रोड व चौगान से 12 भाइयों का चौराहा, माउंट रोड की ओर निकाला जाएगा।