डूंगरपुर जिले में सागवाड़ा नगर पालिका चुनाव के लिए भाजपा ने अपना चुनावी घोषणा पत्र जारी किया है। इसे "विकसित सागवाड़ा संकल्प पत्र 2026" नाम दिया गया है। पार्टी ने कस्बे के विकास के लिए 40 मुख्य संकल्प जनता के सामने रखे हैं। इसमें बुनियादी सुविधाओं के साथ खेल, शिक्षा, सौंदर्यीकरण और स्वास्थ्य-सुरक्षा से जुड़े कई वादे शामिल हैं। यह संकल्प पत्र सागवाड़ा भाजपा कार्यालय में जारी किया गया। इस दौरान जिला संगठन प्रभारी वीरेंद्र सिंह चौहान, नगरपालिका चुनाव प्रभारी गोपीचंद मीणा, भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक पटेल और सागवाड़ा विधायक शंकरलाल डेचा मौजूद रहे। चुनाव प्रभारी गोपीचंद मीणा ने कहा कि सागवाड़ा के लिए यह संकल्प पत्र क्षेत्र की सभी कमियों और जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाया गया है। कार्यकर्ताओं ने पूरे क्षेत्र और सभी वार्डों में घूमकर जनता की प्राथमिकताओं और मुख्य समस्याओं का सर्वे किया था। उसी आधार पर इस घोषणा पत्र को अंतिम रूप दिया गया है।