सलूंबर क्षेत्र के चिबोड़ा में आबादी क्षेत्र में पहुंचे लेपर्ड को वन विभाग ने पिंजरा लगाकर पकड़ लिया। खेराड़ गांव के चिबोड़ा में लेपर्ड ने एक बकरी का शिकार किया था। इसके बाद वन विभाग ने लेपर्ड को पकड़ने के लिए आबादी क्षेत्र में पिंजरा लगवाया था। पिंजरा लगाए जाने के कुछ ही घंटों बाद रात में लेपर्ड उसमें कैद हो गया। सुबह पिंजरे में लेपर्ड के फंसे होने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। मौके पर वन विभाग की टीम मौजूद रही और लेपर्ड को सुरक्षित स्थान पर ले जाने की कार्रवाई शुरू की गई। बकरी पर हमले के बाद बढ़ी थी चिंता चिबोड़ा में लेपर्ड ने आबादी क्षेत्र के पास बकरी पर हमला किया था। इसके बाद ग्रामीणों में भय का माहौल बन गया था। ग्रामीणों को आशंका थी कि लेपर्ड आसपास के क्षेत्र में ही मौजूद है। सूचना मिलने पर वन विभाग ने तत्काल निगरानी बढ़ाई और लेपर्ड को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया। 5 साल की मादा लेपर्ड वन विभाग के अधिकारी खैमराज मीणा ने बताया - पिंजरे में कैद लेपर्ड की उम्र करीब 5 वर्ष है और यह मादा लेपर्ड है। लेपर्ड के पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।