धौलपुर-करौली टाइगर रिजर्व के विरोध में सरमथुरा क्षेत्र में ग्रामीणों का आंदोलन लगातार जारी है। आंदोलन के 30वें दिन बिझौली ग्राम पंचायत के कई ग्रामीण ट्रैक्टर, गाड़ियों और मोटरसाइकिलों से तिरंगे लेकर धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने आंदोलन को अपना समर्थन दिया। सागर मीना के नेतृत्व में ग्रामीणों ने रैली निकाली। इस दौरान उन्होंने टाइगर रिजर्व से जुड़े मुद्दों पर लोगों को जागरूक किया। धरना स्थल पर सागर मीना ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि एकता ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने ग्रामीणों से आंदोलन में मजबूती से डटे रहने और एकजुट होकर संघर्ष करने की अपील की। मीना ने कहा कि ग्रामीणों की आवाज सरकार तक मजबूती से पहुंचनी चाहिए। सरकार को उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनकर जल्द समाधान करना चाहिए। ग्रामीणों ने टाइगर रिजर्व को लेकर अपनी चिंताएं बताईं। उन्होंने कहा कि इससे उनके सामने जमीन, घर, रोजगार और भविष्य से जुड़ी समस्याएं खड़ी हो रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि वे वन्यजीव संरक्षण के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन स्थानीय लोगों के हितों और भविष्य की सुरक्षा भी सुनिश्चित होनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि टाइगर रिजर्व पर कोई भी फैसला लेने से पहले ग्रामीणों की स्थिति साफ की जाए। सागर मीना ने गुर्जर और मीना समाज की एकता पर भी जोर दिया। उन्होंने अपील की कि गुर्जर समाज के लोगों को भी आंदोलन से जोड़ा जाए और उन्हें मंच पर सहयोग मिले। मीना ने कहा कि अगर गुर्जर समाज मजबूती से ग्रामीणों के साथ खड़ा रहता है, तो यह आंदोलन के लिए बड़ी ताकत साबित होगा।