हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित चाणक्य क्लासेज के संचालक राज तिवारी के खिलाफ एक छात्रा की ओर से लगाए गए आरोपों और भादरा तहसील के नेठराना निवासी अभिषेक शर्मा हत्याकांड में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सर्व ब्राह्मण महासभा ने बुधवार को जिला पुलिस अधीक्षक को दो ज्ञापन सौंपे। महासभा ने चाणक्य क्लासेज मामले में आरोपों की सत्यता की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक तथ्य सामने लाने तथा अभिषेक शर्मा हत्याकांड में सभी संभावित पहलुओं की जांच कर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। चाणक्य क्लासेज मामले में निष्पक्ष जांच की मांग सर्व ब्राह्मण महासभा जिलाध्यक्ष दुर्गा प्रसाद शर्मा के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि चाणक्य क्लासेज प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करवाने वाली पुरानी संस्था है। यहां हनुमानगढ़ जिले के अलावा आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में विद्यार्थी अध्ययन करते हैं। संस्था के संचालक राज तिवारी के खिलाफ संस्था में अध्ययनरत एक छात्रा की ओर से कुछ आरोप लगाए गए हैं। महासभा ने इन आरोपों को निराधार बताते हुए मामले में द्वेषता से प्रेरित होने की आशंका जताई। संगठन ने पुलिस प्रशासन से आग्रह किया कि मामले की जांच किसी पूर्वाग्रह के बिना की जाए और दोनों पक्षों की ओर से उपलब्ध तथ्यों, दस्तावेजों और बयानों के आधार पर वास्तविक स्थिति सामने लाई जाए। सामाजिक-धार्मिक गतिविधियों का भी दिया हवाला महासभा की ओर से कहा गया कि राज तिवारी लंबे समय से सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों से जुड़े हुए हैं। ज्ञापन में पुलिस प्रशासन से मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए निष्पक्ष जांच करने और तथ्यों के आधार पर कानून के अनुसार कार्रवाई करने की मांग की गई। महासभा ने यह भी बताया कि चाणक्य क्लासेज की ओर से संबंधित पक्षों के खिलाफ महिला पुलिस थाने में परिवाद प्रस्तुत किया गया है। संगठन ने इस परिवाद सहित पूरे मामले से जुड़े सभी तथ्यों की भी जांच करने की मांग की। अभिषेक शर्मा हत्याकांड में गिरफ्तारी की मांग इसी दौरान महासभा ने भादरा तहसील के गांव नेठराना निवासी अभिषेक शर्मा हत्याकांड में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर भी एसपी को ज्ञापन सौंपा। महासभा ने हत्या से जुड़े सभी संभावित पहलुओं की गहन जांच कर आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की। जिलाध्यक्ष दुर्गा प्रसाद शर्मा ने बताया कि गोगामेड़ी थाना क्षेत्र के नेठराना निवासी अभिषेक शर्मा पुत्र रजनीश शर्मा की 10 फरवरी 2026 को हत्या कर दी गई थी। महासभा के अनुसार घटना के करीब सात माह बाद भी आरोपियों का पता नहीं चल पाया है। मामले में एसआईटी गठित किए जाने के बावजूद परिवार को अभी तक न्याय नहीं मिल पाया है। एक माह से अधिक चला था धरना महासभा ने बताया कि हत्याकांड को लेकर समाज के लोग पूर्व में भी पुलिस अधिकारियों से मिल चुके हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर गोगामेड़ी थाने के सामने एक माह से अधिक समय तक धरना भी दिया गया था। ज्ञापन के माध्यम से महासभा ने मामले की गहन जांच कर हत्या में शामिल आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग दोहराई। इस दौरान चन्द्रभान तिवारी, रमानन्द शर्मा, विश्वामित्र, प्यारासिंह, हरिकृष्ण शर्मा, हिमांशु शर्मा, लोकराज शर्मा सहित समाज के कई नागरिक मौजूद रहे।