सवाई माधोपुर में मानटाउन थाना पुलिस ने वाहन चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने साजिद और रानू अली के कब्जे से चोरी की 8 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी सवाई माधोपुर के बजरिया और आलनपुर के साथ जयपुर के मानसरोवर और ब्रह्मपुरी इलाके में भी वाहन चोरी की वारदातों में शामिल रहे हैं। 3 सितंबर को बाइक चोरी के बाद शुरू हुई जांच एसपी ज्येष्ठा मैत्रेयी ने बताया - गिरफ्तार आरोपियों में साजिद (19) पुत्र मोहम्मद शहजाद निवासी तोरण की बावड़ी, लाखेरी, जिला बूंदी और रानू अली (21) पुत्र अहसान अली निवासी पुराने थाने के पीछे, लाखेरी, जिला बूंदी शामिल हैं। मामले की शुरुआत 3 सितंबर को हुई बाइक चोरी की घटना से हुई। मोती नगर खेरदा निवासी साबिर खान अपनी हीरो स्प्लेंडर प्लस बाइक नंबर RJ 25 SL 7528 को बजरिया स्थित बीकानेर नमकीन के सामने खड़ी कर बांगड़ कटला गए थे। वापस लौटने पर बाइक वहां नहीं मिली। इस पर मानटाउन थाने में मामला दर्ज कराया गया। CCTV और मुखबिरों से जुटाई जानकारी वारदातों को गंभीरता से लेते हुए एएसपी राकेश कुमार राजौरा के निर्देशन में सीओ सिटी राजेंद्र मीणा और मानटाउन थानाधिकारी सुनील कुमार गुप्ता के नेतृत्व में स्पेशल टीम बनाई गई। टीम ने घटनास्थल और बजरिया क्षेत्र के CCTV फुटेज खंगाले और मुखबिरों से जानकारी जुटाई। जांच में साजिद और रानू अली के नाम सामने आए। इसके बाद पुलिस टीम ने सवाई माधोपुर के अलावा बूंदी जिले के लाखेरी, देईखेड़ा और इंद्रगढ़ क्षेत्र में दोनों की तलाश की। दोबारा वारदात की फिराक में आए तो पकड़े गए पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी दोबारा वारदात करने की फिराक में 13 सितंबर को बजरिया सवाई माधोपुर आए थे। इसी दौरान पुलिस टीम ने दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर चोरी की 8 मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।