सवाई माधोपुर नगरपरिषद चुनाव में मतदाता कल अपने-अपने वार्ड में पार्षद चुनने के लिए वोट डालेंगे। नगरपरिषद के 60 वार्डों में 231 प्रत्याशी चुनाव मैदान में आमने-सामने हैं। चुनाव में नगरपरिषद क्षेत्र के 92,713 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें 47,620 पुरुष, 45,088 महिला और 5 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। मतदान के लिए नगरपरिषद क्षेत्र में 97 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इन दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर सवाई माधोपुर नगरपरिषद चुनाव में कई बड़े नेताओं और पूर्व जनप्रतिनिधियों की प्रतिष्ठा दांव पर है। कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा के करीबी और पूर्व उप सभापति राजेश गोयल उर्फ राजू चक्की वाले की पत्नी वार्ड 55 से चुनाव मैदान में हैं। वहीं पूर्व सभापति मेघा वर्मा वार्ड 23 और पूर्व सभापति सुनील तिलकर की पत्नी भोमेश वार्ड 14 से चुनाव लड़ रही हैं। वार्ड 22 से कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष गिर्राज सिंह गुर्जर मैदान में हैं। कांग्रेस के कद्दावर नेता विनोद जैन वार्ड 18 से चुनाव लड़ रहे हैं। इसी तरह पिछले 25 साल से लगातार पार्षद रहे मंजीत सिंह वार्ड 28 से और उनकी पत्नी बलविंदर कौर वार्ड 31 से निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर मैदान में हैं। सवाई माधोपुर नगर परिषद में बोर्ड बनाने के लिए कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव और पूर्व विधायक दानिश अबरार जोर लगा रही हैं। वहीं भाजपा का बोर्ड बनाने के लिए कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा चुनावी समीकरण साधने में जुटे हैं। मतदान के लिए रहेगी छुट्टी व ड्राई डे मतदान के दिन जिले के सभी सरकारी/निजी कार्यालयों व शिक्षण संस्थानों में सार्वजनिक अवकाश रहेगा। शांतिपूर्ण मतदान और निष्पक्ष प्रक्रिया के लिए पूरे जिले में 14 सितंबर मतगणना तक शराब की दुकानें पूर्णतः बंद रहेंगी (ड्राई डे) मतदाता सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक वोट डाल सकेंगे। सभी वार्डों की मतगणना 14 सितंबर को होगी। चुनाव प्रचार के अंतिम दिन तक भाजपा और कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला, वहीं कई वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशियों ने मुकाबला त्रिकोणीय बना दिया है। क्या जिले में बारिश/मौसम का असर रहेगा? मौसम विभाग के अनुसार मतदान के दिन सवाई माधोपुर में धूप खिली रहेगी और मौसम साफ रहने का अनुमान है। तेज गर्मी को देखते हुए सभी मतदान केंद्रों पर पेयजल, छाया और शेड की समुचित व्यवस्था की गई है।