नवरात्रि में महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने शक्ति सुरक्षा अभियान चलाया है। इसके तहत पुलिस डांडिया और गरबा में अशांति फैलाने वाले मनचलों पर पैनी नजर रखेगी। गरबा-डांडिया स्थलों पर कालिका पेट्रोलिंग टीमें भी तैनात रहेंगी। पुलिस सिविल ड्रेस में मनचलों पर नजर रखेगी। अतिरि​क्त महानिदेशक पुलिस लता मनोज कुमार ने इस संबंध में सभी जिला पुलिस अधीक्षकों को दिशा-निर्देश जारी किए हैं। जिसमें कहा गया कि गरबा-डांडिया कार्यक्रमों के दौरान ही नहीं, कार्यक्रम समाप्त होने के बाद भी महिलाओं की सुरक्षा ​पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसकी पूरी मॉनिटरिंग जिले के एडिशनल एसपी करेंगे। आयोजन स्थलों पर महिला हेल्प डेस्क बनाई जाएगी इसके लिए प्रमुख आयोजन स्थलों को चिह्नित कर सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था पर विशेष फोकस रहेगा। प्रमुख गरबा-डांडिया स्थलों पर महिला हेल्प डेस्क स्थपित कर महिला पुलिसकर्मियों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही महिला हेल्पलाइन, राजकॉप और अन्य पुलिस संपर्क माध्यमों की जानकारी वाले पोस्टर एवं क्यूआर कोड प्रदर्शित किए जाएंगे। सीसीटीवी कैमरे लगाने होंगे और पहचान पत्र व डिजिटल पास की सख्ती से जांच की जाएगी। पार्किंग और आवाजाही वाले मार्गों पर विशेष निगरानी रहेगी कार्यक्रम स्थलों के प्रवेश एवं निकास द्वारों, पार्किंग क्षेत्रों तथा पार्किंग से आयोजन स्थल तक आने-जाने वाले मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। इन स्थानों पर रोशनी की व्यवस्था, पुलिस पेट्रोलिंग और आवश्यकता के अनुसार महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। ऑटो-टैक्सी ड्राइवरों को भी अभियान से जोड़ा जाएगा। ताकि संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को मिल सके।