सीकर में सालासर रोड पर चल रही श्रीमद् भागवत कथा में कथावाचक इंद्रेश उपाध्याय ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं और गोवर्धन लीला का वर्णन किया। इंद्रेश उपाध्याय ने कहा कि श्रीकृष्ण ने दुनिया को प्रेम का संदेश दिया। उन्होंने राजस्थान की मीरा बाईसा की भक्ति का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी भक्ति पढ़कर रोंगटे खड़े हो जाते हैं। उपाध्याय ने कहा कि भक्ति पचपन का नहीं, बल्कि बचपन का विषय है। कथा के 5वें दिन बड़ी संख्या में संत-महंत पहुंचे। 5वें दिन के प्रसंग में कथाव्यास इंद्रेश उपाध्याय ने कहा कि निंदा सहन करना एक तपस्या की तरह है, जिसमें सोना भी कुंदन बन जाता है। इंद्रेश उपाध्याय ने कहा कि भगवान श्रीकृण ने प्रेम का सबसे सुंदर दुनिया को सिखलाया। त्याग और समर्पण ही प्रेम है और ये दुनिया में किसी भी जीव से हो सकता है। प्रकृति से प्रेम करेंगे तो प्रकृति हमको सबकुछ देगी। जब भगवान खुद कान्हा रूप में आए तो गोवर्धन पूजा कर प्रकृति प्रेम का सुंदर संदेश दिया। कथा के 5वें दिन भगवान श्रीकृष्ण को समर्पित 56 भोग की झांकी सजाई गई। देखें कथा की PHOTOS… राजस्थान की माटी में शौर्य, वीरता के साथ भक्ति की खुशबू इंद्रेश उपाध्याय बोले कि राजस्थान की माटी में शौर्य, वीरता के साथ भक्ति की खुशबू भी है। यहां की मीरा बाईसा के बारे में पढ़ते-बोलते समय रोंगटे खड़े हो जाते हैं। मीरा बाई को इतना तिरस्कार और निंदा झेलनी पड़ी लेकिन कभी भगवान को नहीं छोड़ा। तमाम बाधाओं और मुश्किलों के बावजूद जो लोग भगवान को नहीं छोड़ते, फिर भगवान भी उन्हें कभी नहीं छोड़ते हैं। भक्ति पचपन का नहीं बचपन का विषय है। बचपन में भक्ति का फल पचपन में जाकर मिलता है। पचपन में भक्ति करोगे तो फल फिर अगले जन्म में ही मिलेगा। आज कथा में कथावाचक कृष्ण ठाकुर महाराज, मनोहर शरण महाराज, पवन महाराज भीमसर धाम, गोपाल दास महाराज, चूरू विधायक हरलाल सहारण, चूरू नगर परिषद सभापति विनय गोयनका आदि पहुंचे। कथावाचक इंद्रेश उपाध्याय ने बताया कि कथा के छठे दिन भगवान कृष्ण-रूक्मिणी विवाह महोत्सव और सातवें दिन सुदामा चरित्र व शुकदेव पूजन की कथा सुनाई जाएगी। 6 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक कथा होगी। इंद्रेश उपाध्याय पहुंचे तीर्थराज लोहार्गल, सूर्य मंदिर में दर्शन किए सीकर में भागवत कथा करने आए प्रख्यात कथावाचक इंद्रेश उपाध्याय ने तीर्थराज लोहार्गल पहुंचकर पूजा अर्चना की। कथावाचक इंद्रेश उपाध्याय ने लोहार्गल के सूर्य मंदिर में पहुंचकर भगवान के दर्शन किए और सभी धर्मप्रेमियों की खुशहाली की कामना की। महंत अवधेशाचार्य महाराज ने दुपट्टा उठाकर प्रतीक चिन्ह भेंट किया। एक महिला की चेन टूटी, रिपोर्ट दर्ज भागवत कथा सुनने आई एक महिला के गले से सोने की चेन तोड़कर ले जाने का मामला कोतवाली थाने में दर्ज हुआ है। पुलिस ने अज्ञात महिला के खिलाफ चोरी की रिपोर्ट दी है कि नेछवा निवासी पीड़िता यशोदा कंवर (37) 3 अक्टूबर को भागवत कथा में शामिल होने आई थीं। कथा समाप्त होने के बाद वह बाहर निकल रही थीं। इसी दौरान भीड़ का फायदा उठाकर किसी अज्ञात महिला ने उनके गले से सोने की चेन तोड़ ली और मौके से निकल गई। 4 अक्टूबर को कोतवाली थाने में मामला दर्ज कराया गया। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपी महिला की पहचान करने का प्रयास कर रही है।