सीकर नगर परिषद में वार्ड 11 और 27 हॉट सीट बने हुए हैं। पालवास रोड पर स्थित विधायक राजेंद्र पारीक का वार्ड उनके लिए चुनौती बना हुआ है। वहीं, परिवारवाद की राजनीति के खिलाफ बोलने वाली भाजपा ने वार्ड-11 में विधानसभा प्रत्याशी रहे पूर्व विधायक रतनलाल जलधारी के पोते यश जलधारी को टिकट दिया है। पहले बात करते हैं वार्ड नंबर 27 की। यह वार्ड शहर की बाइपास से कनेक्टिविटी होकर गुजरता है। पालवास रोड और धोद रोड जाने वाले लोग इस वार्ड से होकर गुजरते हैं। आइए जानते हैं इस वार्ड के चुनावी माहौल और समस्याओं के बारे में… वार्ड 27 में सीवरेज के चैंबर और गड्ढे खुले स्थानीय निवासी कृष्ण कुमार ने बताया- इस वार्ड में सीवरेज के चैंबर और गड्ढे खुले होने से दुर्घटनाएं होती रहती हैं। टूटी-फूटी सड़क की वजह से व्यापार भी प्रभावित हो रहा है। सीवर लाइन के लिए खोदी गई सड़क अभी तक दोबारा नहीं बनी है। इस वार्ड के लोगों ने बताया- दिनभर धूल-मिट्टी के गुबार से परेशान हैं। रोड पर मिट्टी पड़ी रहती है। बेसहारा गोवंश और कुत्तों की समस्या भी दूर नहीं हो सकी है। इस बार जो वार्ड की समस्याओं का समाधान करेगा, उसे वोट दिया जाएगा। पिछले 5 सालों में सीवरेज की लाइन तो डाल दी गई, लेकिन अभी सबको कनेक्शन नहीं मिले हैं। हॉट सीट पर 4271 वोटर्स एसडीएम कार्यालय के अनुसार- इस वार्ड में 4271 वोटर्स हैं। इनमें सबसे ज्यादा 1386 वोट कुम्हार समाज के हैं। माली समाज के 946 और ब्राह्मणों के 600 वोट हैं। जाटों के 350, मुस्लिम 300 और सुनार समाज के 200 वोट हैं। जांगिड़ सहित राजपूत, बनिया, हरिजन समाज भी यहां जीत-हार का समीकरण बनाने-बिगाड़ने के लिए काफी हैं। इस आंकड़े में बदलाव संभव है। बीजेपी-कांग्रेस ने कुम्हार प्रत्याशी उतारा भाजपा और कांग्रेस दोनों पार्टियों ने कुम्हार समाज से प्रत्याशी बनाए हैं। भाजपा ने यहां प्रॉपर्टी व्यवसायी चतुर्भुज कुमावत को प्रत्याशी बनाया है। वहीं कांग्रेस ने यहां साधारण परिवार के प्रकाश कुमावत (किरोड़ीवाल) को टिकट दिया है। परिसीमन में वार्ड 21 और 20 का कुछ हिस्सा जोड़कर वार्ड 27 बनाया गया है। इस वजह से वार्ड का चुनावी गणित बदल सकता है। पूर्व विधायक के पोते के सामने कांग्रेस के दिनेश, 2 निर्दलीयों ने समीकरण उलझाए सीकर शहर में वार्ड 11 के चुनाव की खूब चर्चा है। कारण है कि यहां पर भाजपा प्रत्याशी की टिकट। परिवारवाद की खिलाफत की राजनीति करने वाली भाजपा ने विधानसभा प्रत्याशी रहे पूर्व विधायक रतन जलधारी के पोते यश जलधारी को टिकट दिया है। वार्ड 11 का चुनाव सीकर नगर परिषद के रोचक मुकाबलों में गिना जा रहा है। यहां भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला माना जा रहा है, लेकिन 2 निर्दलीयों की मौजूदगी से समीकरण दिलचस्प हो गए हैं। यहां कांग्रेस ने दिनेश सेठी को मैदान में उतारा है। निर्दलीय पवन शर्मा और मोहम्मद आमीन हैं। पूर्व विधायक जलधारी ने विधानसभा के 3 चुनाव लड़े पूर्व विधायक रतन जलधारी ने विधानसभा के 3 चुनाव लड़े और 1 बार जीते। विधायक बनने से पहले वे इसी वार्ड से निर्दलीय पार्षद रह चुके हैं और नगर परिषद में नेता प्रतिपक्ष भी रहे। वहीं, पिछले चुनाव में इस वार्ड में भाजपा के नेमीचंद सैनी ने कांग्रेस की संगीता छीपा को हराया था। हालांकि परिसीमन के बाद वार्ड के इलाकों में कुछ बदलाव हुआ है। देखें वोटों का गणित सीकर शहर में ब्राह्मण समाज के सबसे ज्यादा वोट इसी वार्ड में हैं। यहां मुस्लिम वोटर भी किंगमेकर की भूमिका में रहते हैं। निर्दलीय प्रत्याशियों की सेंधमारी और राजनीतिक रसूख समेत कई समीकरण बनेंगे, तब जीत सुनिश्चित होगी। इस बार के निर्दलीय प्रत्याशी मोहम्मद आमीन को पिछले चुनाव में करीब 650 वोट मिले थे। इस वार्ड में परिसीमन के बाद मोचीवाड़ा की एक गली का हिस्सा हटने से करीब 300 मतदाता कम हुए हैं, इनमें से अधिकांश मुस्लिम समाज के वोटर थे। इस वार्ड में डोलियों का बास, छीपों का मोहल्ला, माधोगंज, दंग की नसियां, शनि मंदिर, तहसील के सामने का क्षेत्र और प्रतापमल विनायक मार्ग शामिल हैं। वहीं बजाज रोड पर जैन भवन से ईदगाह चौराहे तक का कुछ क्षेत्र भी इसी वार्ड में है। वार्ड में कुल 3711 वोटर हैं। इनमें ब्राह्मण वोटर्स 1400 से ज्यादा हैं। इस वजह से माना जा रहा है कि चुनाव में ब्राह्मण वोटर अंपायर होंगे। यहां करीब 1050 मुस्लिम वोटर और 1100 जैन-वैश्य समाज के वोटर हैं। सुनार, जांगिड़, माली, सोढ़ानी और अग्रवाल समाज के वोटर भी काफी हैं। ऐसे में प्रत्याशियों की नजर खासतौर पर ब्राह्मण, मुस्लिम व जैन मतदाताओं पर रहेगी। इस वार्ड में करीब 1900 महिला वोटर्स हैं। लोगों ने बताई समस्याएं वार्ड के रहने वाले विशेष शर्मा ने बताया- इलाके में कचरा उठाने वाली गाड़ियां समय पर नहीं आती हैं। पेयजल लाइन में लंबे समय से लीकेज कुछ दिन पहले ही ठीक हुआ है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि चुनाव खत्म के बाद फिर पहले जैसी स्थिति देखने को मिलती हैं।