सिरोही में 7 दिन का विशेष स्वच्छता अभियान शुरू किया गया है। इसका मकसद सड़कों, सार्वजनिक जगहों और बाजारों को कचरा मुक्त बनाना है। यह अभियान जिला कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर के निर्देश पर चलाया जा रहा है। शनिवार को इस अभियान के तहत प्लास्टिक पर कार्रवाई हुई। सिरोही में 11 और पिंडवाड़ा में 2 दुकानों पर चालान काटे गए। जिले से कुल 36.92 टन कचरा हटाया गया। कलेक्टर तोमर ने सभी अधिकारियों को 7 दिन में चिन्हित जगहों की पूरी सफाई करने को कहा है। अभियान की रोज निगरानी होगी और आखिर में फोटो के साथ रिपोर्ट देनी होगी। इसमें कचरा मुक्त सड़कें, डिवाइडरों की सफाई, सड़कों पर कचरे के ढेर हटाना और प्लास्टिक मुक्त अभियान शामिल हैं। अभियान के सभी 7 दिनों में संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी तय ड्रेस के साथ पीली जैकेट पहनकर मौजूद रहेंगे।