अरनिया केदार गांव की गुमनाम जमीनों की फर्जी रजिस्ट्री कर हड़पने के मामले में कोतवाली पुलिस ने सोमवार को एक और आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने काफला बाजार निवासी अजय सैनी को पकड़ा है। उस पर 2 हजार रुपए का इनाम घोषित था। थानाधिकारी भंवरलाल वैष्णव ने बताया कि प्रकरण में 14 आरोपी नामजद हैं, जिनमें अब तक 6 गिरफ्तार हो चुके हैं। शेष आरोपियों की तलाश जारी है। अरनिया केदार में खसरा नंबर 88 की 20 बीघा और खसरा नंबर 1031 की 10 बीघा जमीन की कुल पांच फर्जी रजिस्ट्रियां सामने आई थीं। कूटरचित दस्तावेज तैयार कर फर्जी नामों से रजिस्ट्रियां कर जमीन हड़पने का फर्जीवाड़ा किया गया। परिवादी रामधन चौधरी की शिकायत पर राजस्व विभाग की जांच में मामला उजागर हुआ। जांच के बाद 4 सितंबर 2024 को तत्कालीन तहसीलदार ने 14 लोगों के खिलाफ कोतवाली थाने में मामला दर्ज कराया था। एडीएम द्वारा तत्कालीन कलेक्टर डॉ. सौम्या झा को रिपोर्ट पेश करने के बाद उनके निर्देश पर तत्कालीन तहसीलदार रामधन गुर्जर ने ओमप्रकाश सिंधी सहित 14 लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट कोतवाली थाने में दर्ज करवाई गई थी।