भरतपुर| भरतपुर जिला व्यापार महासंघ ने शहर में चल रहे विकास कार्यों के कारण बाधित मार्गों और खराब वैकल्पिक रास्तों को लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पत्र भेजकर समस्या के समाधान की मांग की है। जिलाध्यक्ष संजीव गुप्ता और जिला महामंत्री विपुल शर्मा ने बताया कि हीरादास से कुम्हेर गेट, स्टेशन रोड सहित कई प्रमुख मार्गों पर निर्माण कार्य धीमी गति से चल रहा है। इससे व्यापारियों और आमजन को आवागमन में परेशानी हो रही है तथा पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। महासंघ ने कहा कि वैकल्पिक मार्गों की स्थिति सुधारने की मांग कई बार की जा चुकी है, लेकिन अपेक्षित ध्यान नहीं दिया गया। दुकानदारों का कहना है कि त्योहारी सीजन में ग्राहकी बढ़ने के बजाय सड़कें बाधित होने से कारोबार प्रभावित हो रहा है। महासंघ ने वैकल्पिक मार्गों की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है।