श्रीगंगानगर में एक प्राइवेट कोचिंग इंस्टिट्यूट की संचालक के फर्जी बैंक अकाउंट खोलकर लाखों रुपए की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। महिला ने अपने पति और ननद पर आरोप लगाए हैं। मामला सदर थाना क्षेत्र का है। पुलिस को दी रिपोर्ट में शिकायतकर्ता रेखा बोथरा ने बताया- श्रीगंगानगर में बस स्टैंड के सामने उसकी जेबी क्लासेस की अकेली प्रोपराइटर हैं। कोचिंग 2015-16 से संचालित है। उसके (रेखा) के पति जयंत बोथरा लेन-देन से जुड़े कामों में उनकी मदद करते थे और इसी वजह से उन्हें पति पर पूरा विश्वास था। आरोप है कि 5 फरवरी 2022 को उनकी गैरमौजूदगी में एक फर्जी लेटर ऑफ अथॉरिटी तैयार किया गया। इसमें उन्हें जेबी क्लासेस का मैनेजर नियुक्त करने और वित्तीय अधिकार पति को देने की बात लिखी गई थी। लेकिन महिला का कहना है कि उसने ऐसा कोई पत्र तैयार या साइन नहीं किया। आरोप है कि इसी दस्तावेज के आधार पर जयंत बोथरा ने उनकी ओर से बैंकिंग दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करना शुरू कर दिया। बैंक अकाउंट से लाखों निकालने का आरोप 8 नवंबर 2025 को बैंक स्टेटमेंट लेने पर महिला को मामले की जानकारी हुई। इसके बाद उसने सभी अकाउंट्स को फ्रीज करवाया। शिकायत में बताया गया है कि अकाउंट्स में पहले 8,691 रुपए जमा थे और बाद में 1,25,364 रुपए फीस के जमा हुए। अकाउंट्स को फ्रीज करवाने के बाद 15 नवंबर को 2,11,925 रुपए निकाल लिए गए। रेखा ने 2019 और 2016 में पीएनबी की अलग-अलग ब्रांच में उनके नाम से खोले गए दो अन्य अकाउंट्स पर भी सवाल उठाए हैं। रेखा का कहना है कि दोनों अकाउंट्स उनकी गैरमौजूदगी में उनके फर्जी हस्ताक्षरों से खोले गए। इनमें एक खाता पीएनबी न्यू कृषि मंडी शाखा में 4 अप्रैल 2019 को और दूसरा मीरा चौक शाखा में 8 मार्च 2016 को खोले गए हैं। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि इन ब्रांचों में जयंत बोथरा की बहन नीतू बोथरा मैनेजर के पद पर कार्यरत थीं। महिला ने दोनों आरोपियों पर मिलीभगत से अकाउंट्स खुलवाने और फर्जीवाड़ा करने के आरोप लगाए हैं। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। जांच में पाए गए फर्जी हस्ताक्षर रेखा बोथरा ने शिकायत में बताया कि उन्होंने फर्जी हस्ताक्षरों का मिलान हैंडराइटिंग एक्सपर्ट अनिल गुप्ता से करवाया है। उनका दावा है कि एक्सपर्ट रिपोर्ट में हस्ताक्षर फर्जी पाए गए। उन्होंने पुलिस जांच के दौरान फर्जी दस्तावेज, बैंक अकाउंट्स से संबंधित कागजात और विशेषज्ञ की रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एएसआई जयविन्द्र सिंह कर रहे हैं।