धनतेरस पर्व को देखते हुए राज्य निर्वाचन आयोग ने पंचायत चुनाव के पहले तीन चरणों के कार्यक्रम में बदलाव किया है। इसका असर श्रीगंगानगर जिले के तीसरे चरण में शामिल क्षेत्रों पर पड़ेगा। यहां चुनावी प्रक्रिया अब एक दिन पहले पूरी होगी। श्रीगंगानगर जिले में पंचायत चुनाव तीसरे और चौथे चरण में होंगे। तीसरे चरण में श्रीविजयनगर, सूरतगढ़ और राजियासर पंचायत समितियां शामिल हैं। वहीं चौथे चरण में श्रीगंगानगर उत्तर, श्रीगंगानगर दक्षिण, सादुलशहर, अनूपगढ़, घड़साना, रायसिंहनगर, पदमपुर और श्रीकरणपुर में चुनाव होंगे। तीसरे चरण में अब 3 नवंबर को मतदान धनतेरस के चलते तीसरे चरण की पोलिंग पार्टियों का प्रस्थान 2 नवंबर को होगा। इसके बाद 3 नवंबर को जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान होगा। 4 नवंबर को पंच-सरपंच के लिए नामांकन और 5 नवंबर को पंच-सरपंच के लिए मतदान होगा। इसके बाद 6 नवंबर को वार्ड पंचों के जरिए उप सरपंच का अप्रत्यक्ष चुनाव होगा। इस तरह श्रीगंगानगर के श्रीविजयनगर, सूरतगढ़ और राजियासर क्षेत्र में चुनावी प्रक्रिया संशोधित कार्यक्रम के अनुसार होगी। पहले यह तारीखें निर्धारित थीं तीसरे चरण के लिए पहले 3 नवंबर को पोलिंग पार्टियों का प्रस्थान, 4 नवंबर को जिला परिषद-पंचायत समिति सदस्य का मतदान, 5 नवंबर को पंच-सरपंच के लिए नामांकन, 6 नवंबर को पंच-सरपंच का मतदान और 7 नवंबर को उप सरपंच का चुनाव निर्धारित था। राज्य निर्वाचन आयोग के मूल कार्यक्रम के अनुसार तीसरे चरण में 4 नवंबर को जिला परिषद-पंचायत समिति और 6 नवंबर को पंच-सरपंच मतदान निर्धारित होने की जानकारी भी दी गई है। चौथे चरण में श्रीगंगानगर शहर क्षेत्र श्रीगंगानगर जिले की श्रीगंगानगर उत्तर और श्रीगंगानगर दक्षिण पंचायत समितियां चौथे चरण में हैं। इनके साथ सादुलशहर, अनूपगढ़, घड़साना, रायसिंहनगर, पदमपुर और श्रीकरणपुर भी इसी चरण में शामिल हैं। इन क्षेत्रों के कार्यक्रम में अभी कोई बदलाव नहीं किया गया है। यहां 13 नवंबर को पोलिंग पार्टियों का प्रस्थान, 14 नवंबर को जिला परिषद-पंचायत समिति सदस्य का मतदान, 15 नवंबर को पंच-सरपंच के लिए नामांकन और 16 नवंबर को पंच-सरपंच का मतदान होगा। इसके बाद 17 नवंबर को उप सरपंच का चुनाव होगा। जिला परिषद की मतगणना 20 नवंबर को सभी चरणों में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के मतदान के बाद 20 नवंबर को जिला मुख्यालय पर सुबह 8 बजे से मतगणना होगी। वहीं श्रीगंगानगर समेत चार जिलों में जिला प्रमुख और पंचायत समितियों के प्रधान के चुनाव का अलग कार्यक्रम रहेगा। इन पदों का कार्यकाल दिसंबर 2026 में पूरा हो रहा है।