मानसून की विदाई के बाद राजस्थान में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार, वेस्टर्न डिस्टरबेंस के प्रभाव से प्रदेश के मौसम में बदलाव होगा। इसके साथ ही नया साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम बनने की संभावना है। इसके असर से श्रीगंगानगर जिले में 10 और 11 अक्टूबर को बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने जिले के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। तेज हवाओं के साथ बारिश के आसार मौसम में बदलाव के चलते जिले में तेज हवाएं चलने और बारिश होने की संभावना है। इससे पिछले कुछ दिनों से पड़ रही अक्टूबर की गर्मी से राहत मिल सकती है। बारिश के बाद तापमान में गिरावट आने से सुबह और शाम के समय हल्की ठंडक का अहसास बढ़ेगा। गुरुवार को 38 डिग्री रहा अधिकतम तापमान मौसम रडार स्टेशन, श्रीगंगानगर में शुक्रवार सुबह न्यूनतम तापमान 24.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गुरुवार को न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री और अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस रहा था। इससे पहले बुधवार को न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री और अधिकतम तापमान 39.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। तापमान में 2 से 3 डिग्री गिरावट की संभावना लगातार गर्मी के बीच अब मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, वेस्टर्न डिस्टरबेंस का प्रभाव गुजरने के बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इससे दिन के तापमान में कमी आने के साथ ही रात और सुबह के समय ठंडक बढ़ने की संभावना है। सीमावर्ती जिलों श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ में शुक्रवार से ही मौसम का मिजाज बदलने के आसार हैं।