कस्बे में गणेशोत्सव के दौरान मोहल्लों में सजी गणेशजी की झांकियों से भक्तों में उत्साह बना हुआ है। महादेव नवयुवक मंडल ने वार्ड 15 माली मोहल्ले में करीब 6 फीट की भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित की है। स्थापना के बाद से यह स्थल श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बना है। सुबह से शाम तक दर्शन के लिए लोगों की आवाजाही रहती है। गणेशोत्सव में रोज सुबह-शाम आरती हो रही है। आरती के समय बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। कस्बे के पीपली वाले महादेव मंदिर के पास भी गणेश मंडलों ने गणपति की झांकियां सजाई हैं। एसबीआई शाखा के समीप कोली मोहल्ले में भी झांकियां लगाई गई हैं। यहां भी दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं।