प्रतापगढ़ पुलिस ने ट्रक के डीजल की टंकी में बनी स्कीम से 20.82 किलो अवैध ब्राउनशुगर क्रूड को जब्त कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। उक्त ब्राउनशुगर क्रूड मणिपुर से कई चेक पोस्ट, बॉर्डर को पार कर मंदसौर होते हुए प्रतापगढ़ आया था। जहां मुखबिर की पुख्ता सूचना के बाद कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया था। इस अवैध ब्राउनशुगर क्रूड परिवहन करने के मामले में धारा 193 (9) बीएनएसएस में वांछित आरोपी मोहम्मद हुसैन उर्फ लाला अजमेरी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। सीआई शम्भूसिंह ने बताया कि 17 फरवरी 2025 को मंदसौर रोड पर नाकाबंदी के दौरान मुख​िबर सूचना पर ट्रक के डीजल की टंकी में बनी स्कीम से 20.82 किलो अवैध ब्राउनशुगर क्रूड जब्त कर आरोपी लड्डू उर्फ घनश्याम वैरागी निवासी तिलक नगर प्रतापगढ़, पुष्करलाल मीणा निवासी बसाड़ थाना प्रतापगढ़ और पुष्करलाल तेली निवासी तेलियों की गली थाना प्रतापगढ़ को गिरफ्तार कर प्रतापगढ़ थाने पर एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज किया था। इसमें अनुसंधान में सामने आया कि उक्त प्रकरण में आरोपी मोहम्मद हुसैन उर्फ लाला अजमेरी निवासी बागलिया थाना हथुनिया जिला प्रतापगढ़ फरार चल रहा है, जिस पर पुलिस ने आरोपी की तलाश कर गिरफ्तार किया। आरोपी घनश्याम उर्फ लड्डू मोहम्मद हुसैन को सप्लाई देता था: ट्रक के डीजल टैंक में स्कीम बनाकर 20.82 किलो अवैध ब्राउनशुगर क्रूड मणिपुर से लाई गई थी। माल जब्ती के बाद कोतवाली पुलिस ने मणिपुर में भी रेड डाली थी। जहां एक आरोपी को नामजद भी किया, इसमें मुख्य आरोपी घनश्याम उर्फ लड्डू ट्रक में अवैध ब्राउनशुगर क्रूड लेकर प्रतापगढ़ आया था। जांच में सामने आया कि यह माल आरोपी मोहम्मद हुसैन उर्फ लाला को देना था, जो आगे सप्लाई होता। इसका बड़ा नेटवर्क है, जो इस मामले के बाद से ही पुलिस के हाथ नहीं लग रहा था।