कोतवाली थाना क्षेत्र के छोटा सेलारपुरा गांव में 7 वर्षीय सुनील एक बिना मुंडेर कुएं में गिर गया। सूचना पर पहुंची रेस्क्यू टीम, पुलिस व ग्रामीणों की सहायता से उसे बाहर निकाला व अस्पताल पहुंचाया। कोतवाली थाना एएसआई सोहन सिंह ने बताया कि सुनील (7) पुत्र राजू मीणा निवासी छोटा सेलारपुरा थाना प्रतापगढ़ मंगलवार को स्कूल की छुट्टी होने के बाद गांव में बकरियां चराने निकला था, कि वहीं के बिना मुंडेर कुएं में पैर फिसल गया व सुनील उसमें जा गिरा। घटना शाम 3:30 बजे बाद कि बताई गई है। आसपास लोगों के देखने पर तुरंत बचाव के प्रयास में जुट गए। सूचना पर आपदा प्रबंधन टीम, पुलिस व ग्रामीण मौके पर पहुंचे व कुंए से बाहर निकाला। इसकी सूचना 108 एम्बुलेंस को दी, लेकिन एम्बुलेंस गांव में पहुंचने के बाद खराब हो गई। उसे बिना देरी किए पुलिस के सरकारी डायल 112 नंबर से देर शाम जिला अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सुनील गांव के ही स्कूल में 5 कक्षा में अध्ययनरत था। मौत की खबर सुनते ही परिजन सदमे में आ बैठे। घटना के समय परिवार के अन्य लोग सुबह से ही गांव में अन्य जगह मजदूरी के लिए गए थे। मृतक सुनील स्कूल से छुट्टी होने के बाद बकरियां चराने गया, जहां हादसा हो गया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।