मौसम बदल रहा है और मौसमी बीमारियां पैर पसार रही हैं। एमबी अस्पताल की ओपीडी में इन दिनों कुल मरीजों में से 60 फीसदी मरीज केवल सर्दी, खांसी, जुकाम, बुखार से पीड़ित पहुंच रहे हैं। अस्पताल अधीक्षक डॉ. आर.एल. सुमन ने बताया कि मौसम के बदलाव के कारण अस्पताल में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसे देखते हुए डॉक्टरों और चिकित्सा कर्मियों की संख्या बढ़ा दी गई है ताकि किसी मरीज को परेशानी न हो। यदि आगे और जरूरत महसूस होती है तो और भी बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। इधर, वरिष्ठ मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. महेश दवे ने बताया कि इस बार मौसमी बीमारियों के पैटर्न में थोड़ा बदलाव देखा जा रहा है। राहत की बात यह है कि इस बार मलेरिया और डेंगू के मरीज तुलनात्मक रूप से कम आ रहे हैं। हालांकि, सर्दी, खांसी, और जुकाम का संक्रमण बेहद तेजी से फैला है। करीब एक सप्ताह से ओपीडी में पहुंचने वाले कुल मरीजों में से आधे से ज्यादा मरीज सर्दी-खांसी और जुकाम की शिकायत लेकर आ रहे हैं। रिकॉर्ड के मुताबिक एमबी में गत 27 सितंबर को 4865, 28 सितंबर को 2622, 29 को 6341, 30 को 5093, 1 अक्टूबर 4522, दो को 3258 और 3 अक्टूबर को 4524 मरीज ओपीडी में पहुंचे हैं।