मुकंदरा टाइगर रिजर्व की गागरोन रेंज में जंगल सफारी शुरू होने का वन्यजीव प्रेमियों और पर्यटकों का इंतजार अब और बढ़ गया है। वन विभाग और स्थानीय प्रशासन ने अक्टूबर से सफारी शुरू करने की तैयारी लगभग पूरी कर ली थी, लेकिन पंचायतीराज चुनाव की आचार संहिता लागू होने से फिलहाल इस पर ब्रेक लग गया है। अब आचार संहिता समाप्त होने के बाद ही गागरोन रेंज पर्यटकों के लिए खोली जा सकेगी। गागरोन के ऐतिहासिक और प्राकृतिक महत्व को देखते हुए यहां जंगल सफारी शुरू करने की तैयारी थी। इसके लिए सफारी रूट तय करने, जिप्सियों के पंजीयन और गाइड ट्रेनिंग पूरी हो चुकी है। जिप्सियां खड़ी हैं, जंगल का ट्रैक भी है तैयार गागरोन रेंज में सफारी संचालन के लिए कई लोग जिप्सियां लेकर आए हैं और उनका पंजीयन भी हो चुका है। सफारी के लिए कैंटर भी तैयार हैं, लेकिन आचार संहिता के कारण ये वाहन खड़े हैं। सफारी से स्थानीय लोगों को भी रोजगार मिलेगा। जल दुर्ग से वन्यजीवों तक रहेंगे कई आकर्षण गागरोन सफारी रूट में यूनेस्को विश्व धरोहर में शामिल गागरोन दुर्ग के आसपास का क्षेत्र पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र रहेगा। कालीसिंध और आहू नदियों के संगम पर स्थित जल दुर्ग सहित अन्य विहंगम नजारे जंगल सफारी को पहचान देंगे।