रानी उपखंड के ग्राम चांचोड़ी में जलदाय विभाग की लापरवाही से पेयजल स्रोत पर रोज सैकड़ों लीटर पानी बह रहा है। आसपास नाली निर्माण नहीं होने से गंदगी फैल रही है। ग्रामीणों को महामारी का डर सता रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव के मीणा समाज की ढाणी स्थित पानी के टांके पर लगा पुराना नाल खराब हो चुका है। सूचना कई बार विभाग के कार्मिकों को दी। विभाग के संविदा कर्मी मेहनत कर गांव में नियमित पेयजल आपूर्ति पूरी कर रहे हैं। उच्च अधिकारियों की लापरवाही के कारण शुद्ध पेयजल को लेकर कोई संज्ञान नहीं लिया जा रहा। इस बार मानसून की बारिश न्यूनतम रही। पूरे गांव की निर्भरता राम सरोवर पर है। राम सरोवर पूरी तरह खाली है। ऐसे में पानी का यूं व्यर्थ बहना आगे चलकर लोगों के साथ पशुओं के लिए भी बड़ी परेशानी बढ़ाएगा।