सआदत पैवेलियन ग्राउंड में चल रही 70 वीं राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता (अंडर-17) के सुपर लीग मुकाबलों में सोमवार को खिलाड़ियों का उत्साह चरम पर रहा। मंगलवार को सेमीफाइनल मुकाबले होंगे। इस दौरान मैदान के चारों ओर मौजूद खेल प्रेमी भी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते नजर आए। मैच शुरू होने से पहले अतिथियों ने लाइन में खड़े खिलाड़ियों से हाथ मिलाकर उनका हौसला बढ़ाया। जैसे- जैसे प्रतियोगिता निर्णायक दौर की ओर बढ़ रही है, वैसे- वैसे मैदान पर रोमांच भी बढ़ता जा रहा है। अब सभी की निगाहें उन टीमों पर टिकी हैं, जो खिताब की दौड़ में अपना दमखम दिखाते हुए अंतिम मुकाबले तक पहुंचने के लिए पूरी ताकत लगा रही हैं। प्रतियोगिता में अब सेमीफाइनल की जंग कांटे के टक्कर वाली हो गई है। कुल मिलाकर राजस्थान में हॉकी की नई पौध पूरे उत्साह, उमंग और आत्मविश्वास के साथ तैयार हो रही है। सोमवार को सम्पन्न क्वार्टर फाइनल मुकाबले काफी दिलचस्प रहे। प्रतियोगिता संयोजक कमलेश सिंगोदिया ने बताया कि श्रीगंगानगर ने शार्दुल स्पोर्ट्स स्कूल- बीकानेर को 6-1 से हराया। हॉकी एकेडमी- जयपुर बनाम हनुमानगढ़ का मैच 3-3 से बराबर रहा। टोंक ने नागौर को 3-0 से हराया। भीलवाड़ा ने अलवर को 4-0 से शिकस्त दी। श्रीगंगानगर वर्सेज हनुमानगढ़ के बीच खेला गया मैच 0-0 से बराबर रहा। हॉकी एकेडमी- जयपुर ने शार्दुल स्पोर्ट्स स्कूल- बीकानेर को 8-0 से रौंदा। अलवर ने नागौर पर 4-1 से जीत दर्ज की तथा भीलवाड़ा ने टोंक को 4-1 से हराया। मंगलवार को सआदत पैवेलियन ग्राउंड पर श्रीगंगानगर और अलवर के बीच पहला सेमीफाइनल मैच खेला जाएगा। दूसरे सेमीफाइनल मैच मैच में भीलवाड़ा और हनुमानगढ़ के बीच टक्कर होगी। फाइनल मैच इसी मैदान पर सांयकालीन सत्र में खेला जाएगा।