टोंक में लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ करने वालों पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। रोडवेज बस स्टैंड के पास स्थित एक मिठाई की दुकान पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी सत्यनारायण गुर्जर के नेतृत्व में टीम ने औचक निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान दुकान पर रखी खाद्य सामग्री की गहनता से जांच की गई। जिसमें बड़े पैमाने पर मिलावट और सड़न पाई गई। ​जांच टीम को मौके पर 20 किलो से अधिक खराब गुलाब जामुन, मावा बर्फी और चटनी मिली। दूषित और घटिया सामग्री को तुरंत जब्त कर मौके पर ही डस्टबिन में फिंकवा कर पूरी तरह नष्ट करवाया गया। गुलाब जामुन, मावा बर्फी, चटनी खराब मिले ​खाद्य सुरक्षा अधिकारी सत्यनारायण गुर्जर ने बताया- टोंक बस स्टैंड के पास एक मिठाई की दुकान में। रखी मिठाई आदि खाद्य सामग्री की जांचा गया। इसमें गुलाब जामुन, मावा बर्फी, चटनी खराब मिले। चटनी में तो कीड़े पड़े हुए थे। जो कि बिल्कुल भी स्वास्थ्य के लिए सेफ नहीं थे। स्वास्थ्य के लिए हानिकारक बीस किलो से भी ज्यादा इन गुलाब जामुन, मावा बर्फी, चटनी को मौके पर डस्टबीन में फिंकवाया गया। ताकि उन्हें कोई खा नहीं सके। इसके बाद में स्वास्थ्य के लिए हानिकारक मिठाई बनाने और बासी सामग्री बेचने पर संबंधित दुकानदार को नोटिस थमाया गया है। दुकानदार को 7 दिनों के भीतर इस लापरवाही पर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। सख्त कार्रवाई की जाएगी ​उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित अवधि में संतोषजनक जवाब न मिलने पर आरोपी दुकानदार के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को अग्रिम कार्रवाई के लिए पत्र लिखा जा रहा है। खाद्य सुरक्षा विभाग की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र के मिलावटखोरों और दूषित सामग्री बेचने वाले दुकानदारों में हड़कंप मच गया है।