हिंदुस्तान स्काउट्स एंड गाइड्स राजस्थान की तरफ से लोकतांत्रिक मूल्यों और मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए कार्यक्रम आयोजित किया गया। भइया नदी से एक जागरूकता रैली शुरू हुई, जो शहर के प्रमुख मार्गों और चौराहों से गुजरी। रैली में स्काउट्स-गाइड्स और स्कूली बच्चों ने हाथों में संदेश लिखी तख्तियां लेकर नारे लगाए और लोगों को लोकतंत्र के प्रति जागरूक किया। एसडीएम ने पौधारोपण भी किया मुख्य अतिथि उपखंड अधिकारी पूजा चौधरी और प्रतिज्ञा सोनी सहित अन्य अतिथियों ने मां सरस्वती के सामने दीप जलाए। इसके बाद 'एक पेड़ लोकतंत्र के नाम' अभियान के तहत पौधरोपण भी किया गया। कार्यक्रम अध्यक्ष और जिला प्रभारी अभिषेक शर्मा ने स्काउट्स-गाइड्स, शिक्षकों और सभी प्रतिभागियों को राष्ट्रहित में मतदान करने, लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने और पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई। एसडीएम पूजा चौधरी ने जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में बच्चों की भागीदारी खास आकर्षण का केंद्र रही। संस्था प्रधान भानु थानवी और प्रधानाध्यापक प्रीति व्यास ने एसडीएम पूजा चौधरी और प्रतिज्ञा सोनी का साफा पहनाकर, तिलक लगाकर और स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया। इसी तरह राजस्थान राज्य भारत स्काउट गाइड ने प्रधानाचार्य कांता पंवार के नेतृत्व में भी एक रैली निकाली। मतदान की शपथ दिलाई यह रैली सीनियर स्कूल के मैदान से शुरू होकर शहर के मुख्य बाजारों से गुजरी और वापस उसी जगह पहुंची। इस रैली को उप जिला कलेक्टर पूजा चौधरी, तहसीलदार प्रतिज्ञा सोनी और जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) सोहन राम विश्नोई ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। स्काउट मास्टर देवेंद्र सिंह नरावत ने मतदान की शपथ दिलाई। राजस्थान राज्य भारत स्काउट गाइड के सचिव अरुण कुमार व्यास ने सभी का धन्यवाद दिया।