जिले भर में शुक्रवार को करीब 180 बैंक बंद रही। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर जिले के करीब 1500 बैंक कर्मियों ने 5 डे बैंकिंग तथा पारदर्शी परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (पीएलआई) नीति सहित विभिन्न मांगों को लेकर महा हड़ताल की। हड़ताल में बैंकिंग क्षेत्र की सात प्रमुख यूनियनों से जुड़े अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए। हड़ताल के चलते बैंक शाखाओं में दिनभर कामकाज प्रभावित रहा। जिले के 6 निकाय क्षेत्रों में मतदान के कारण छुट्‌टी थी। चेक क्लीयरेंस, पासबुक प्रिंटिंग, लोन प्रोसेसिंग और नए खाते खोलने आदि शाखा स्तर की सभी सेवाएं प्रभावित रही। वहीं लेन-देन काउंटर सेवाएं भी बंद रहीं। जानकारी के अनुसार जिले की 180 बैंकों में शुक्रवार को हड़ताल के चलते करीब 1500 करोड़ का लेन-देन प्रभावित हुआ। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के संयोजक जयंत परिहार ने बताया कि बैंक कर्मचारी लंबे समय से सप्ताह में पांच दिन का कार्य दिवस लागू करने की मांग कर रहे हैं। इस मांग पर सैद्धांतिक सहमति बनने के बावजूद अंतिम निर्णय लंबित है। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ते कार्यभार और लंबित मांगों के चलते कर्मचारियों में रोष है।कर्मचारियों के मानसिक तनाव को कम करने और बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराने के लिए 5 डे बैंकिंग कार्य तथा पारदर्शी पीएलआई नीति को लागू करने की मांग की गई। फोरम के पदाधिकारियों के अनुसार यदि मांगों को लेकर उचित कार्रवाई नहीं होती है तो आंदोलन तेज करेंगे। जानकारी के अनुसार 28, 29 व 30 सितंबर को फिर से हड़ताल की जाएगी।