नगर निकाय चुनावों में पहले चरण के लिए बुधवार को मतदान होगा। 39 जिलों में 162 निकायों में 5393 वार्डों में पार्षद चुने जाएंगे। पहले चरण में 20623 प्रत्याशी मैदान में हैं। 57 लाख वोटर मतदान करेंगे। प्रदेश की 309 निकायों के लिए दो चरणों में मतदान होगा। दूसरे चरण का मतदान 11 सितंबर को जयपुर नगर निगम समेत 147 निकायों के 4,774 वार्डों के लिए होगा। परिणाम 14 सितंबर को आएगा। जयपुर : 149 प्रत्याशियों के साथ आज सीएम का रोड शो... निगम बुधवार को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा परकोटे में रोड शो करेंगे। मुख्यमंत्री का रोड शो सुबह 11 बजे सांगानेरी गेट से शुरू होगा। रोड शो में भाजपा के 149 प्रत्याशी, विधायक और सांसद भी शामिल होंगे। भाजपा : पहले चरण में 1350 वार्डों को कमजोर माना, मॉनिटरिंग में लगाई टीम भाजपा ने पहले चरण के निकाय चुनाव में 1350 वार्डों को कमजोर माना है। मॉनिटरिंग के लिए स्पेशल टीमें लगाई गई हैं। टीमों को वोटिंग गैप कम करना और मतदाताओं को घर से निकालकर पोलिंग बूथ तक पहुंचाना होगा। आईटी टीम व सोशल मीडिया टीम भी एक्टिव है। पार्टी की ओर से वार्ड संयोजक व प्रत्याशी की टीम को विशेष सॉफ्टवेयर दिया गया है, इससे मतदाता तक वोटर स्लिप भेजी जा सके। हर जिले की टीम ने एक्शन प्लान बना कर काम शुरू कर दिया है। महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी मॉनिटरिंग कर रहे है। कॉल सेंटर से हर जिले से रिपोर्ट ली जा रही है। शेखावाटी और वागड़ पर विशेष फोकस शेखावाटी, वागड़ व पश्चिम राजस्थान सहित 20 जिलों को भाजपा के लिए कठिन परीक्षा माना जा रहा है। पार्टी की टीमें इन क्षेत्रों में निष्पक्ष मतदान करने के लिए प्रशासन से संपर्क में भी रहेंगी। इधर, निकाय चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में ज्यादा मतदान करवाने के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेता संघ के साथ समन्वय कर रहे हैं। हालांकि, पार्टी का दावा है कि प्रदेशभर में चार हजार से अधिक वार्डों में स्थिति काफी मजबूत है। प्रथम चरण के मतदान के अवसर पर सभी मतदाताओं से मतदान करने की अपील की है। सभी मतदाता अपने घरों से निकलें और बिना किसी दबाव या प्रलोभन के अपने मताधिकार का प्रयोग करें। वोट करते समय विकास कार्यों और जनहित वाले चेहरे देखें। -मदन राठौड़, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष कांग्रेस : पार्टी प्रत्याशियों के वोट काटने वाले 1000 निर्दलीयों को पक्ष में लाने का जोड़ तोड़ पहले फेज में 162 शहरों के 5393 वार्डों में चुनाव हैं। 100 निकायों में कांग्रेस अपनी बढ़त मान रही है। कांग्रेस को जेन जी और युवा वोटरों के साथ निर्दलीयों से आस है। रणनीति के अनुसार जिन निकायों में निर्दलीय जीतेंगे, वे कांग्रेस का समर्थन करेंगे। वाररूम 162 निकायों में जिताऊ निर्दलियों के से संपर्क साध रहा है। दूसरी तरफ पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने मंगलवार को जोधपुर में चुनाव प्रचार किया। टीकाराम जूली अलवर में मोर्चा संभाले हैं। पीसीसी चीफ गोविंदसिंह डोटासरा पूरे निकायों के प्रभारियों के साथ मानिटरिंग कर रहे हैं। वोटिंग के बाद कांग्रेस करेगी बाड़ेबंदी कांग्रेस ऐसे निर्दलीय प्रत्याशियों पर काम कर रही है, जो खुद जीत की स्थिति में नहीं हैं, लेकिन कांग्रेस प्रत्याशी के वोट काटने की क्षमता रखते हैं। स्थानीय प्रभारी ऐसे 1000 निर्दलीयों को पक्ष में लाने पर फोकस कर रहे हैं। ऐसे वार्ड जिनमें 50 से 100 या इससे अधिक वोट लेने वाला निर्दलीय भी नतीजे को प्रभावित कर सकता है, उस पर अभी फोकस है। इधर, कांग्रेस ने 11 सितंबर की शाम से बाड़ेबंदी का ऐलान किया है। ढाई साल में सरकार ने कोई काम नहीं किया। सीएम शहर शहर घूम रहे और जनता विरोध कर रही है। कचरे से शहर अटे पड़े हैं। शहरों में खड्डे ही खड्डे हैं। न रोड है न सीवर और न पीने का पानी है। पहले चुनाव नहीं कराने का बहाना बनाते रहे और तारीख पर तारीख लेते रहे। -​गोविंद सिंह डोटासरा, अध्यक्ष राजस्थान कांग्रेस