कोटा के नांता थाना क्षेत्र में बांयी मुख्य नहर में डूबने से 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना शुक्रवार सुबह करीब 9:30 बजे नेवाजी पैलेस के सामने की है। पुलिस कंट्रोल रूम से सूचना मिलने पर नगर निगम की गोताखोर रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। उस समय नहर में तेज बहाव था, जिसके चलते पहले नहर को बंद करवाया गया। इसके बाद टीम ने सर्च अभियान शुरू किया। घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर पाटन-कापरेन ब्रांच में युवक का शव बरामद हुआ। नगर निगम गोताखोर विष्णु श्रृंगी ने बताया कि मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार युवक टिफिन लेकर जा रहा था। नहर के पास खंभे को पकड़कर नीचे उतरते समय उसका पैर फिसल गया और वह नहर में गिर गया। तेज बहाव में वह बह गया। नांता थाने के एएसआई शिवराज सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान पवन प्रजापत (28) निवासी बजरंगपुरा, कुन्हाड़ी के रूप में हुई है। वह सुबह बजरंगपुरा से काली बस्ती की ओर जा रहा था। नहर पार करते समय वह उसमें गिर गया। गोताखोर टीम ने शव बाहर निकाला और एमबीएस अस्पताल के पोस्टमार्टम रूम में रखवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।