कोटा के नांता थाना क्षेत्र में बांयी मुख्य नहर में डूबने से 28 साल के युवक की मौत हो गई। तेज बहाव के कारण युवक का शव घटनास्थल से करीब 1 किलोमीटर दूर जाकर मिला। सूचना के बाद मौके पर पहुंची रेस्क्यू टीम ने पहले नहर का पानी बंद करवाया, इसके बाद गोताखोरों की टीम ने तलाश शुरू की। काफी मशक्कत कर तीन घंटे बाद सुबह 11:30 बजे शव को बाहर निकाला गया। घटना शुक्रवार सुबह करीब 8:30 बजे नेवाजी पैलेस के सामने की है, जहां नहर पार करते समय युवक नहर में गिर गया। मृतक की पहचान पवन प्रजापत (28) निवासी बजरंगपुरा, कुन्हाड़ी के रूप में हुई है। एक किलोमीटर दूर पाटन-कापरेन ब्रांच में शव मिला दरअसल, पुलिस कंट्रोल रूम से सूचना मिलने पर नगर निगम की गोताखोर रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। उस समय नहर में तेज बहाव था, जिसके चलते पहले नहर को बंद करवाया गया। इसके बाद रेस्क्यू टीम ने सर्च अभियान शुरू किया। घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर पाटन-कापरेन ब्रांच में युवक का शव बरामद हुआ। खंभे को पकड़कर नीचे उतरते समय पैर फिसला नगर निगम गोताखोर विष्णु श्रृंगी ने बताया कि मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, युवक मजदूरी के लिए काम पर जा रहा था, इस दौरान युवक के हाथ में टिफिन भी था। नहर के पास खंभे को पकड़कर नीचे उतरते समय उसका पैर फिसल गया और वह नहर में गिर गया। तेज बहाव होने के कारण वह पानी में बह गया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा नांता थाने के एएसआई शिवराज सिंह ने बताया कि पवन सुबह बजरंगपुरा से काली बस्ती की ओर जा रहा था। नहर पार करते समय वह उसमें गिर गया। गोताखोरों की टीम ने शव को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला और एमबीएस अस्पताल मॉर्च्युरी में रखवाया, जहां पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।