प्रदेश में चल रहे “शुद्ध आहार-मिलावट पर वार” अभियान के तहत आज जयपुर में सीएमएचओ की फूड सेफ्टी टीम ने प्रताप नगर स्थित जेप्टो के डार्क स्टोर पर छापा मारा। यहां टीम को कई अनियमितताएं मिली। इसके साथ ही टीम ने खराब हो चुके फूड आइटम को नष्ट करवाया। जयपुर सीएमएचओ सैकंड डॉ. मनीष मित्तल ने बताया- टीम प्रताप नगर सांगानेर स्थित स्टोर पर पहुंची तो मिल्क चिलर में दूध फैला हुआ मिला, जिसमें दुर्गंध आ रही थी। कोल्ड स्टोरेज क्षेत्र में गंदगी के साथ खाद्य एवं गैर-खाद्य सामग्री एक साथ रखी मिली। कीटनाशक स्प्रे की बोतलें भी खाद्य पदार्थों के साथ रखी हुई थीं। शेल्फ की सफाई और पेस्ट कंट्रोल व्यवस्था भी मानकों के अनुरूप नहीं मिली। कार्रवाई के दौरान अलग कर रखी गई खराब करीब 25 किलोग्राम खाद्य सामाग्री (फल, सब्जी) समेत अन्य सामान को नष्ट करवाया गया। वहीं सरसों तेल, मैगी नूडल्स, घी, पीनट नमकीन और हल्दी पाउडर के नमूने जांच के लिए लिए गए हैं। जांच में पैकेज्ड फ्रोजन नॉन-वेज को वेज खाद्य पदार्थों के साथ रखे जाने की बात भी सामने आई। ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर उत्पादों की एक्सपायरी तिथि प्रदर्शित नहीं करने और शॉर्ट एक्सपायरी वाले उत्पादों की आपूर्ति से संबंधित शिकायतों की भी जानकारी मिली।