भास्कर न्यूज | बाड़मेर राजस्थान सरकार के राज्य जीव-जंतु कल्याण बोर्ड के निर्देशों पर बाड़मेर जिले में 4 अक्टूबर को विश्व पशु दिवस व्यापक स्तर पर मनाया जाएगा। इस साल की थीम उनकी आंखों से दुनिया देखें रखी गई है। पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक, जिला पशु क्रूरता निवारण समिति के सदस्य सचिव डॉ. राजीव कुमार ने जिले के सभी ब्लॉक पशु चिकित्सा अधिकारियों, नोडल अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। डॉ. राजीव कुमार ने कहा कि जीव-जंतु पारिस्थितिकी तंत्र, सामाजिक जीवन का अहम हिस्सा हैं। पशुओं के अधिकारों की सुरक्षा, पशु क्रूरता निवारण, कल्याण के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाने के लिए जिलेभर में गतिविधियां होंगी। विभागीय संस्थाएं नजदीकी गौशालाओं में जाकर निशुल्क पशु चिकित्सा, स्वास्थ्य जांच शिविर लगाएंगी। गौशालाओं को पॉलीथीन मुक्त क्षेत्र बनाने की अपील होगी। पौधरोपण अभियान चलेगा। स्कूलों में पशु अधिकार, थीम पर आधारित चित्रकला, निबंध लेखन, पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिताएं होंगी। जागरूकता रैलियां निकलेंगी। नुक्कड़ नाटक होंगे। किसान संगोष्ठियों, कार्यक्रमों में ग्रामीणों को पशुओं के स्वास्थ्य के लिए हानिकारक सामग्री, पॉलीथीन छोड़ने का संकल्प दिलाया जाएगा। विभागीय पशु चिकित्सालयों, संस्थानों में पशुओं के पीने के पानी के लिए जनसहयोग, स्वयंसेवी संस्थाओं के जरिए जल-पात्र, खेलियां लगाई जाएगी। पशु चिकित्सा कर्मियों, विद्यार्थियों के लिए सेमिनार होंगे। पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, संबंधित नियमों की जानकारी दी जाएगी। पशुपालन विभाग ने बाड़मेर के नागरिकों, स्थानीय निकायों, शिक्षण संस्थाओं, स्वयंसेवी संस्थाओं से अपील की है कि वे ज्यादा से ज्यादा संख्या में अभियान से जुड़ें। करुणा, संरक्षण का संदेश घर-घर तक पहुंचाएं।