अलवर के मोती नगर में दो दिन पहले तीन दोस्तों की मौत के मामले में पुलिस ने हत्या की साजिश का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को भी पुलिस ने पकड़ा है। पुलिस के अनुसार तीनों युवकों की हत्या सोची-समझी साजिश के तहत की गई थी। आरोपियों ने हत्या के बाद वारदात को एक्सीडेंट का रूप देने की कोशिश की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमित मीणा उर्फ पलटा (20), तनमे जाटव (23) और महेश सैनी (24) के रूप में हुई है। पुलिस ने नाबालिग को भी निरुद्ध किया है। तीनों आरोपियों को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। रिमांड मिलने के बाद पुलिस आरोपियों को थाने ले गई। इस दौरान कोर्ट परिसर में तीनों आरोपी पैरों में पट्टियां बांधे नजर आए। वे लंगड़ाकर चलते हुए दिखाई दिए और कराहते हुए पुलिस के साथ गए। पुलिस आज आरोपियों को वारदात वाली जगह पर मौका तस्दीक के लिए ले जाने वाली थी। लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही मौके पर एक हजार से ज्यादा लोग जमा हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मौका तस्दीक का प्लान कैंसिल कर दिया और आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद थाने ले गई। अरावली विहार थाना एसएचओ सुनील ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि आरोपियों और मृतकों के बीच कई दिनों से फोन पर कहासुनी चल रही थी। इसी के चलते आपसी रंजिश बढ़ती गई। पुलिस के अनुसार इसी रंजिश के बाद साजिश रचकर तीनों दोस्तों की हत्या की गई और वारदात को एक्सीडेंट का रूप देने की कोशिश की गई। मामले की जांच के लिए एसपी ने अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर हत्या की पूरी साजिश, वारदात में शामिल अन्य लोगों और घटना के पीछे की वजहों का पता लगाने में जुटी है। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी सचिन मीणा समेत कई अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।