जयपुर में साइबर ठग ने बैंक अधिकारी बनकर युवक से 1 लाख 82 हजार 120 रुपए की ठगी कर ली। घटना बजाज नगर थाना इलाके की है। साइबर ठग ने बैंक अधिकारी बनकर युवक को क्रेडिट कार्ड बनवाने का झांसा दिया था। आरोपी ने पीड़ित को फोन पर नया क्रेडिट कार्ड आवेदन के बहाने लिंक भेजा था, लिंक पर क्लिक करके आवेदन प्रोसेस पूरी करने के बाद युवक के खाते से 2 बार में रकम कटने का मैसेज आया।मामले में पीड़ित मनीष अजमेरा (44) ने बजाज नगर थाने में मामला दर्ज करवाया है। नए कार्ड के नाम पर भेजा लिंक बजाज नगर थानाधिकारी मुनेंद्र सिंह ने बताया कि नेताजी सुभाष नगर, टोंक रोड निवासी मनीष अजमेरा ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि 29 सितंबर को उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को बैंक अधिकारी बताया और नया क्रेडिट कार्ड जारी करवाने के लिए आवेदन करने की बात कही। इसके बाद आरोपी ने उन्हें एक लिंक भेजा। दो बार में निकाले 1.82 लाख रुपए पीड़ित के अनुसार लिंक मिलने के तुरंत बाद उनके मोबाइल पर क्रेडिट कार्ड से 32,120 रुपए और 1.50 लाख रुपए की कटौती के मैसेज आए। इस तरह कुल 1 लाख 82 हजार 120 रुपए की धोखाधड़ी की गई। बजाज नगर थाना पुलिस ने 2 अक्टूबर को मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।