बांसवाड़ा के गढ़ी थाना क्षेत्र के बोरी गांव में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। बाइक से काम पर जा रहे युवक पर सड़क पर बैठी भैंस ने अचानक हमला कर दिया। भैंस का सींग पेट में लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके पेट में गहरा घाव होने पर करीब 20 टांके आए। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए उदयपुर रेफर कर दिया गया। बाइक से जा रहा था, तभी भैंस ने किया हमला जानकारी के अनुसार, आंजना निवासी हरीश पुत्र बदा शुक्रवार को बाइक लेकर किसी काम से जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में अचानक एक भैंस उसके सामने आ गई और उसने पेट में सींग मार दिया। इससे हरीश बाइक से नीचे गिर गया और उसके पेट के निचले हिस्से में गंभीर चोट आई। वह खून से लथपथ हो गया। पहले परतापुर अस्पताल ले गए घायल के बेटे अनिल ने बताया- हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस की मदद से हरीश को पहले परतापुर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया। एमजी अस्पताल में भर्ती, उपचार जारी शुक्रवार दोपहर हरीश को बेहतर इलाज के लिए एमजी अस्पताल रेफर किया गया। अस्पताल में उपचार के बाद उसे वार्ड में भर्ती कर लिया गया। गंभीर चोट के चलते उसे आगे के इलाज के लिए उदयपुर रेफर किया गया है।