बारां शहर में ज्वेलर्स की दुकान से सोने के जेवर चोरी करने वाले चार आरोपियों को कोतवाली थाना पुलिस और डीएसटी टीम ने गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने बताया कि 10 सितंबर को सुशील घोड़ेला ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि सुबह उनकी दुकान पर दो लोग आए और सोने की नथ व बाली दिखाने को कहा। इसी दौरान एक व्यक्ति ने काउंटर पर रखा 84.270 ग्राम सोने का डिब्बा चुरा लिया, जिसमें नथ और बाली थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए एक टीम बनाई गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी सबूतों की मदद से कोटा शहर में तलाश की। इसके बाद जयपुर से चार आरोपियों को पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपियों में अकबर अली (34) कोटा, यासर अली (55) अनंतपुर आंध्रप्रदेश, मेहन्दी हसन (54) अनंतपुर और मोहम्मद परवेज (45) पुणे महाराष्ट्र शामिल हैं। उन्हें कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस उनसे चोरी के जेवरात और अन्य वारदातों के बारे में पूछताछ कर रही है।