बाड़मेर नगर निकाय चुनाव का चुनावी प्रचार-प्रसार सोमवार शाम 5 बजते ही थम गया। अब प्रत्याशी डोर-टू-डोर संपर्क कर रहे हैं। इससे पहले बाड़मेर नगर परिषद के वार्ड 50 में बीजेपी प्रत्याशी ने ऊंटगाड़ी पर रैली निकाली। कांग्रेस समेत अन्य उम्मीदवारों ने भी अंतिम दिन पूरा दम लगाया। इधर जिला कलेक्टर चिन्मयी गोपाल, एसपी चूनाराम जाट ने मतदान बूथ का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान को लेकर सभी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। पहले चरण की वोटिंग 9 सितंबर को पहले चरण की वोटिंग 9 सितंबर को होगी। 7 सितंबर यानी सोमवार को शाम 5 बजे प्रचार-प्रसार थम गया है। बीजेपी, कांग्रेस समेत अन्य प्रत्याशी चुनावी में मैदान में पूरा दमखम लगा रहे हैं। हर वोटर के पास पहुंचने का प्रयास कर रहे है। बीजेपी, कांग्रेस और अन्य प्रत्याशी रैली, डोर-टू-डोर प्रचार कर रहे हैं। बीजेपी प्रत्याशी प्रत्याशी विक्रम सोनी ने चुनाव प्रचार-प्रसार के आखिरी दिन ऊंटगाड़ी पर रैली निकाली। इस वार्ड में कांग्रेस से ओमप्रकाश और निर्दलीय मुकेश माली और लालसिंह भी डोर-टू-डोर संपर्क कर रहे हैं। कलेक्टर-एसपी ने मतदान बूथों का किया निरीक्षण बाड़मेर नगर परिषद के पहले चरण में 9 सितंबर को होने वाले नगर निकाय चुनाव को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी चिन्मयी गोपाल एवं पुलिस अधीक्षक ने सोमवार को अति संवेदनशील एवं संवेदनशील मतदान बूथ का निरीक्षण किया। संस्कृत विद्यालय इंदिरा नगर, मोड़ली भाखरी, सरस्वती विद्या मंदिर, रेलवे कुआं नंबर 3, गांधी चौक एवं रामूबाई विद्यालय मतदान सेंटरों का निरीक्षण किया। जिला कलक्टर और पुलिस अधीक्षक ने मतदान केंद्रों पर बुनियादी सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था, ईवीएम की स्थिति, मतदाता सुविधाओं और कानून-व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने मतदान केंद्रों पर पेयजल, शेड, रैंप, शौचालय और दिव्यांगजनों के लिए विशेष व्यवस्था की जांच की। निरीक्षण के दौरान बाड़मेर ग्रामीण तहसीलदार महेन्द्र कुमार जांगिड़, डीएसपी बुद्धाराम विश्नोई समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।