भीलवाड़ा में फूड सेफ्टी टीम ने अजमेर से आ रही 200 किलो नकली मावे की खेप पकड़ी है। ये मावा बस की डिग्गी में रखा हुआ था। इसे 4 गठरियों में पैक किया हुआ था। टीम ने इसे जब्त कर प्राइवेट बस के ड्राइवर से पूछताछ शुरू की है। मामला सुबह 7 बजे भीलवाड़ा-अजमेर हाईवे का है। टीम ने भदाली खेड़ा चौराहे के पास नाकाबंदी की थी। इसी दौरान ट्रेवल बस को रुकवा कर तलाशी ली तो डिग्गी में मावा मिला। राजस्थान में चौथे दिन में यह दूसरी कार्रवाई है। इससे पहले बूंदी में पुलिस ने नकली मावा और मिल्क केक बनाने वाली फैक्ट्री का खुलासा किया है। पुलिस ने 1084 किलो नकली मावा, 355 किलो मिल्क केक, 13 सूजी के कट्‌टे, 16 कट्‌टे मिल्क केक पाउडर और 7 पीपे पाम तेल जब्त किए थे। गठरियों में पैक था मावा सीएमएचओ डॉ. संजीव शर्मा ने बताया- अजमेर से भीलवाड़ा आ रही ट्रेवल्स बस में मिलावटी मावा लाए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने भदाली खेड़ा चौराहे पर नाकाबंदी करवाई। इस दौरान ट्रेवल्स बस को रुकवाकर तलाशी ली गई। बस की डिक्की में कपड़े की चार गठरियां मिलीं, जिनमें मावा भरा हुआ था। मावा देखने में ही मिलावटी लग रहा था। टीम ने करीब 200 किलो मावा जब्त कर लिया। सवारियां बोलीं- हमारा नहीं, ड्राइवर से पूछताछ जारी शर्मा ने बताया- टीम ने बस में बैठे लोगों से मावे के बारे में पूछताछ की लेकिन, किसी ने भी इसे अपना नहीं बताया। इसके बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मावे को जब्त कर नष्ट करने की कार्रवाई शुरू की। इसके बाद ड्राइवर से पूछताछ की गई। टीम यह पता लगाने में जुटी है कि मावा किस व्यक्ति ने और कहां से बस में रखवाया था। नकली मावे से जुड़ी कार्रवाई पर ये खबर भी पढ़ें नकली मावा-मिल्क केक की फैक्ट्री पकड़ी:त्योहार पर होना था सप्लाई, 1084 किलो मावा, 355 किलो मिल्क केक सहित पाम तेल और पाउडर जब्त बूंदी पुलिस ने नकली मावा और मिल्क केक बनाने वाली फैक्ट्री का खुलासा किया है। पुलिस ने 1084 किलो नकली मावा, 355 किलो मिल्क केक, 13 सूजी के कट्‌टे, 16 कट्‌टे मिल्क केक पाउडर और 7 पीपे पाम तेल जब्त किया। (पढ़ें पूरी खबर)